Last Updated:
रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1 महीने से कब्जा कर रखा है. हालांकि अब फिल्म की कमाई की रफ्तार थमने लगी है. रिलीज के 29वें दिन फिल्म की रफ्तार में थोड़ी कमी जरूर देखी गई है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने कमाई के मामले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस जासूसी थ्रिलर ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. सारा अर्जुन, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म अब भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो रही है.
नई दिल्ली. रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस कब्जा कर लिया है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के बाद से ही कमाई के सारे रिकॉर्ड तहस-नहस कर दिए थे, लेकिन अब 29वें दिन इसकी रफ्तार में गिरावट देखी गई है. 19 मार्च को बड़े पर्दे पर आई इस फिल्म का जादू करीब एक महीने से दर्शकों के सिर चढ़कर बोला, पर अब आंकड़े थोड़े कम होने लगे हैं.
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, धुरंधर 2 फिल्म ने 5वें गुरुवार को महज 2.91 करोड़ का बिजनेस किया, रिलीज के बाद से यह किसी एक दिन में हुई फिल्म की अब तक की सबसे कम कमाई है. हालांकि, फिल्म पहले ही ब्लॉकबस्टर हो चुकी है. अब तक इसका कुल इंडिया नेट कलेक्शन 1102.63 करोड़ तक जा पहुंचा है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन ने 1319.89 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है.
बॉक्स ऑफिस पर तूफानी कमाई करने वाली ‘धुरंधर 2’ अब एक ऐसे मुकाम पर खड़ी है, जहां से कुछ और फिल्मों का रिकॉर्ड टूटना बाकी है. फिल्म ने पहले हफ्ते में 674.17 करोड़ का छप्परफाड़ कलेक्शन किया था, जिसके बाद दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़, तीसरे हफ्ते में 110.60 करोड़ और चौथे हफ्ते में 54.21 करोड़ का कारोबार किया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
कमाई के इन आंकड़ों के साथ रणवीर सिंह की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के कई बड़ी फिल्मों को धूल चटा दी है. फिल्म ने हाल ही में एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2’ (1030.42 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़कर सबको हैरान कर दिया. इतना ही नहीं, यह फिल्म आरआरआर (782.20 करोड़), ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ (859.70 करोड़) और ‘कल्कि 2898 एडी’ (646 करोड़) जैसी बड़ी फिल्मों से भी कोसों आगे निकल चुकी है.
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ के आगे शाहरुख खान की ‘जवान’-‘पठान’, राजकुमार राव-श्रद्धा कपूर की ‘स्त्री 2’ और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में को काफी समय पहले ही नतमस्तक हो चुकी हैं. अब ‘धुरंधर 2’ का अगला टारगेट अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द राइज’ है, जिसने 1234.10 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी.
रणवीर सिंह की धुरंधर 2 फिल्म 19 मार्च को हिंदी के साथ-साथ सभी दक्षिण भारतीय भाषाओं में रिलीज हुई थी, जबकि इसके पेड प्रिव्यू 18 मार्च को ही शुरू हो गए थे. फिल्म के पहले पार्ट में दिखाया गया था कि कैसे एक भारतीय जासूस पाकिस्तान के ल्यारी इलाके में घुसपैठ करता है. वह भारत को निशाना बनाने वाले आतंकी नेटवर्क को भी तबाह करता है.
सीक्वल यानी ‘धुरंधर 2’ में कहानी को और पीछे ले जाया गया है, जहां दिखाया गया है कि आखिर हमजा अली मजारी बनने के लिए किस तरह की कड़ी ट्रेनिंग दी गई थी. फिल्म का सबसे बड़ा हाईलाइट रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल के बीच जबरदस्त एक्शन है. इस फिल्म में आर. माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और दानिश पांडोर जैसे सितारों ने दमदार भूमिकाएं निभाई हैं.
गौरतलब है कि स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर 2 को आदित्य धर ने लिखा और डायरेक्ट किया है. साथ ही वो फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं. यह रणवीर सिंह के करियर की हाईएस्ट ग्रोसिंग फिल्म भी साबित हुई. साथ ही ‘धुरंधर 2’ ने भारत में 1000 करोड़ की कमाई करने वाली पहली हिंदी मूवी का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है.

