Last Updated:
90 के दशक में एक ऐसी एक्ट्रेस ने बॉलीवुड में कदम रखा, जिसका डेब्यू किसी सपने से कम नहीं था. साल 1991 में सलमान खान के साथ आई उनकी पहली ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 12 करोड़ रुपये का बंपर कलेक्शन कर तहलका मचा दिया था. रातों-रात हीरोइन हर फिल्ममेकर की पहली पसंद बन गई. हालांकि, करियर के पीक पर एक कॉन्ट्रैक्ट ने उड़ते हुए करियर को जमीन पर ला दिया. आज वह चकाचौंध से दूर अमेरिका में डांस सिखाकर अपनी नई पहचान बना रही है.
नई दिल्ली. 35 साल पहले बॉलीवुड में एक ऐसी एक्ट्रेस की एंट्री हुई जिसने अपनी पहली ही फिल्म से धमाल मचा दिया था. साल 1991 में आई फिल्म सनम बेवफा में सलमान खान के अपोजिट नजर आईं चांदनी उर्फ नवोदिता शर्मा रातों-रात इंडस्ट्री की नई स्टार बन गईं. इस फिल्म ने भारत में करीब 12 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था, जो उस समय के लिहाज से एक बहुत बड़ा आंकड़ा था और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई. आलम यह था कि चांदनी के घर के बाहर बड़े-बड़े प्रोड्यूसर्स की लाइन लग गई थी और हर कोई उन्हें अपनी अगली फिल्म के लिए साइन करने को बेताब था.
चांदनी के पास खूबसूरती, स्क्रीन प्रेजेंस और टैलेंट की कोई कमी नहीं थी. लेकिन दूसरे स्टार किड्स के उलट उनके पास न तो कोई फिल्मी बैकग्राउंड था और न ही कोई गॉडफादर जो बॉलीवुड की इस चकाचौंध भरी बेरहम दुनिया में उन्हें सपोर्ट कर सके.आखिर में उनके एक फैसले ने उनके उड़ते हुए करियर पर ब्रेक लगा दिया.
तबस्सुम टॉकीज के मुताबिक, चांदनी ने ‘सनम बेवफा’ के डायरेक्टर सावन कुमार टाक के साथ तीन साल का एक एक्सक्लूसिव कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था. कहा जाता है कि इस एग्रीमेंट की वजह से वो उस दौरान किसी और प्रोड्यूसर के साथ काम नहीं कर सकती थीं. मुसीबत यह हुई कि सावन कुमार ने उन तीन सालों में उनके साथ कोई दूसरी फिल्म नहीं बनाई और कॉन्ट्रैक्ट की पाबंदियों के कारण चांदनी दूसरे प्रोजेक्ट्स साइन नहीं कर पाईं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस तरह चांदनी ने हाथ आए कई बड़े मौके फिसलते गए और उनकी चमक धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगी. जब तक उन्होंने डायरेक्टर से इस कॉन्ट्रैक्ट को खत्म करने की गुजारिश की, तब तक करियर का काफी नुकसान हो चुका था. जब चांदनी इस कानूनी बंधन से आजाद हुईं, तब तक बॉलीवुड काफी आगे निकल चुका था. जिस एक्ट्रेस को कभी इंडस्ट्री की अगली बड़ी स्टार माना जा रहा था, उन्हें अब साइड रोल्स मिलने लगे थे.
चांदनी ने अक्षय कुमार और अनिल कपूर जैसे बड़े सितारों के साथ काम तो किया, लेकिन उन फिल्मों में वो बात नहीं थी जो एक लीड एक्ट्रेस के करियर को ऊंचाई दे सके. उनका मेन लीड बनने का सपना परवान चढ़ने से पहले ही धुंधला पड़ने लगा था. जब उन्हें अहसास हुआ कि बॉलीवुड में उनका सफर उस दिशा में नहीं जा रहा जैसा उन्होंने सोचा था, तो उन्होंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा फैसला लिया.
उन्होंने अमेरिका के बिजनेसमैन सतीश शर्मा से शादी कर ली और फ्लोरिडा जाकर बस गईं. शादी के बाद भी चांदनी ‘1942: ए लव स्टोरी’ और ‘इक्के पे इक्का’ जैसे कुछ प्रोजेक्ट्स में नजर आईं, लेकिन इनसे उनके करियर को कोई खास रफ्तार नहीं मिली. धीरे-धीरे उन्हें काम मिलना पूरी तरह बंद हो गया. लेकिन चांदनी उन एक्ट्रेसेस में से नहीं थीं जो गुमनामी के अंधेरे में खो जाएं.
ट्रेंड क्लासिकल डांसर होने के नाते चांदनी ने सात समंदर पार एक नई पहचान बनाई और अपने असली नाम यानी नवोदिता शर्मा के साथ वापसी की. उन्होंने वहां अपनी डांस एकेडमी सी स्टूडियोज की शुरुआत की और बॉलीवुड की चकाचौंध से दूर अपनी एक सफल दुनिया बसाईय अपनी एकेडमी के जरिए वो क्लासिकल और बॉलीवुड डांस को लैटिन और हिप-हॉप के साथ मिक्स करती हैं, ताकि विदेश में रहने वाली आज की पीढ़ी भारतीय डांस से जुड़ सके.
चांदनी के लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह पिछले 15 सालों से इस संस्थान को चला रही हैं. उनके प्रोफाइल में जिक्र है कि सलमान खान, अक्षय कुमार और अनिल कपूर जैसे सुपरस्टार्स के साथ बतौर लीड एक्ट्रेस काम करने के अनुभव ने उन्हें डांस और परफॉर्मेंस की बारीकियों को समझने में काफी मदद की है.

