नई दिल्ली. फिल्म दीवाना (1992) का ‘ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं’ बॉलीवुड के चुनिंदा रोमांटिक गानों में से है. यह गाना शाहरुख खान की डेब्यू फिल्म का था, जिसमें उनकी एनर्जी और दिव्या भारती की मासूमियत ने पर्दे पर जादू कर दिया था. इस गाने की रूह इसका संगीत है, जिसे नदीम-श्रवण की जोड़ी ने तैयार किया था. विनोद राठौड़ और अलका याग्निक की आवाजों ने इसमें वह जुनून और गहराई भरी, जो प्यार की दीवानगी को पूरी तरह बयां करती है. समीर के लिखे बोल उस दौर के हर आशिक की जुबां पर चढ़ गए थे. इस ट्रैक ने न केवल फिल्म दीवाना को ब्लॉकबस्टर बनाया, बल्कि शाहरुख खान को किंग ऑफ रोमांस की रेस में सबसे आगे खड़ा कर दिया.
