Last Updated:
Highest Opening Indian Films: धुरंधर 2: द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए पहले ही दिन 240 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने न सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा की ओपनिंग के रिकॉर्ड्स को हिला कर रख दिया है.
नई दिल्ली. आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. फिल्म ने अपने पहले दिन दुनियाभर में 240 करोड़ रुपये ग्रॉस की कमाई करते हुए भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शुमार हो गई है. हैरान करने वाली बात ये है कि ये इस लिस्ट में शामिल होने वाली एकमात्र बॉलीवुड फिल्म भी है.
इस शानदार शुरुआत के साथ धुरंधर 2 भारतीय फिल्मों की सबसे बड़ी ओपनिंग की लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. इस लिस्ट में सबसे पहला नंबर पुष्पा 2: द राइज है, जिसने पहले दिन 274 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी.
धुरंधर 2 ने 75 करोड़ रुपये ग्रॉस पेड प्रीव्यू से कमाए और रिलीज के दिन 165 करोड़ रुपये कमाए, जिससे कुल 240 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया. यह पहली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसने एक ही दिन में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है. दिलचस्प बात यह है कि टॉप 10 की इस लिस्ट में धुरंधर 2 इकलौती हिंदी फिल्म है. बाकी सभी फिल्में पैन-इंडिया या साउथ इंडस्ट्री की बड़ी फिल्मों से जुड़ी हैं. इससे साफ है कि यह फिल्म बॉलीवुड के लिए एक नया बेंचमार्क सेट कर रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एस.एस. राजामौली की बाहुबली सीरीज के बाद डायरेक्शन में वापसी वाली फिल्म आरआरआर को लेकर जबरदस्त क्रेज था. काफी देरी के बाद जब फिल्म रिलीज हुई, तो इसने पहले ही दिन भारत में 133 करोड़ रुपये की कमाई की. विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला और कुल मिलाकर इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 223 करोड़ तक पहुंचा था.
पैन-इंडिया ट्रेंड की शुरुआत करने वाली बाहुबली 2: द कन्क्लूजन एक ऐसी ब्लॉकबस्टर फिल्म थी, जिसने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. 2017 में दो साल के जबरदस्त इंतजार के बाद जब यह रिलीज हुई तो पहले ही दिन से सुपरहिट साबित हो गई.यह भारत की पहली फिल्म बनी, जिसने एक दिन में देश में 100 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म कल्कि 2898 एडी में प्रभास, अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण की जोड़ी ने दुनियाभर के दर्शकों को आकर्षित किया. नाग अश्विन के निर्देशन में बनी इस साइ-फाई फिल्म ने 2024 की सबसे बड़ी ओपनिंग ली, जो 200 करोड़ से थोड़ी कम रही, लेकिन इसने प्रभास के करियर को फिर से मजबूत बनाया था. फिल्म का दूसरी पार्ट भी आने वाला है.
केजीएफ चैप्टर 2 एक जबरदस्त मास एंटरटेनर साबित हुई. यश की इस फिल्म ने 2022 में रिलीज होते ही खासकर नॉर्थ इंडिया में धमाल मचा दिया. हिंदी डब वर्जन की बड़ी कमाई के दम पर यह पहली कन्नड़ फिल्म बनी, जिसने एक दिन में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था.
सालार ने प्रभास के करियर को नई रफ्तार दी. बाहुबली के बाद लगातार फ्लॉप फिल्मों के चलते उनकी छवि कमजोर पड़ रही थी और आदिपुरुष ने भी निराश किया. लेकिन प्रशांत नील की इस एक्शन फिल्म ने शाहरुख खान की डंकी से टक्कर लेते हुए शानदार ओपनिंग हासिल की और बाजी मार थी, फिल्म ने पहले दिन 158 करोड़ का कारोबार किया था.
कूली में रजनीकांत का सुपरस्टारडम साफ नजर आया. फिल्म ने भारत में 65 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि विदेशों में करीब 9 मिलियन डॉलर की कमाई कर पहले ही दिन 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर किया था. फिल्म को देखने के लिए लोग रात से सिनेमाघरों के बाहर लाइन लगाकर खड़े थे.
साउथ के पावर स्टार पवन कल्याण ने ओजी के साथ दमदार वापसी की. इस एक्शन फिल्म ने पेड प्रीव्यू में रिकॉर्ड बनाया था, जिसे बाद में धुरंधर 2 ने तोड़ा. यह पवन कल्याण की इकलौती फिल्म है, जिसने एक दिन में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. फिल्म ने 144 करोड़ की कमाई की थी.
लियो विजय और लोकेश कनगराज की साथ में बनी फिल्म है, जिसने एक्टर को अब तक की सबसे बड़ी सफलता दिलाई. इस थ्रिलर फिल्म ने देशभर में शानदार कमाई की और विदेशों में भी अच्छा कलेक्शन किया. फिल्म में संजय दत्त की मौजूदगी से हिंदी बेल्ट में भी इसे फायदा मिला और दर्शकों का ध्यान खींचने में मदद मिली. फिल्म ने 142 करोड़ की कमाई की थी.

