Last Updated:
मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर दो महीने पहले फायरिंग हुई थीं. उन्होंने अब मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने हालात बयां करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्मों में एक्शन और कॉमेडी दिखाने के बाद अब उनकी असल जिंदगी में ही एक्शन और कॉमेडी चल रही है. केस में अब तक 14 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनके तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की आशंका है. इन तमाम चुनौतियों और कड़ी सुरक्षा के बीच भी रोहित अपनी अगली फिल्म ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग में बिजी हैं. फैंस उनके जज्बे की तारीफ कर रहे हैं.
रोहित शेट्टी फिलहाल ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग में बिजी हैं. (फोटो साभार: Instagram@itsrohitshetty)
नई दिल्ली: मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी की जिंदगी में पिछले कुछ महीने काफी हलचल भरे रहे हैं. 1 फरवरी की रात को उनके जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग की घटना ने हर किसी को चौंका दिया था. मामले में पुलिस अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और लगातार तफ्तीश कर रही है. हालांकि, रोहित शेट्टी ने इस पूरी घटना पर लंबे समय तक चुप्पी साधे रखी और अपना पूरा ध्यान अपनी अगली फिल्मों की शूटिंग पर लगाया. लेकिन अब, घटना के करीब दो महीने बाद, उन्होंने पहली बार सोशल मीडिया के जरिए अपने दिल का हाल बयां किया है. रोहित ने अपनी एक फोटो शेयर करते हुए बड़े ही चुटीले अंदाज में लिखा कि इतने सालों तक फिल्मों में एक्शन और कॉमेडी दिखाई, लेकिन अब तो साला असल जिंदगी में ही एक्शन और कॉमेडी चल रही है.
रोहित शेट्टी फिलहाल अपनी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग में बिजी हैं. इस फिल्म में अजय देवगन, अक्षय कुमार, अरशद वारसी और तुषार कपूर जैसे बड़े सितारे एक साथ नजर आने वाले हैं. शूटिंग के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पूरी टीम को मस्ती करते देखा जा सकता है. घर पर हुए हमले के बाद से रोहित की सिक्योरिटी काफी बढ़ा दी गई है और वह लगातार पुलिस के संपर्क में भी हैं. उनके इस लेटेस्ट पोस्ट पर फैंस जमकर कमेंट्स कर रहे हैं और उनका हौसला बढ़ा रहे हैं. लोगों का कहना है कि रोहित एक असली ‘फाइटर’ हैं और वे जल्द ही बड़े पर्दे पर शानदार वापसी करेंगे.
(फोटो साभार: Instagram@itsrohitshetty)
14वें आरोपी गोलू को मिली न्यायिक हिरासत
केस की कानूनी कार्रवाई की बात करें, तो पुलिस ने हाल में 14वें आरोपी गोलू को कोर्ट में पेश किया, जिसे अब न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस पूरी साजिश के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि क्या रणवीर सिंह के मैनेजर को मिली धमकियों का भी इस गिरोह से कोई संबंध है. इन तमाम मुश्किलों और सुरक्षा के कड़े पहरों के बीच भी रोहित शेट्टी का काम के प्रति जज्बा कम नहीं हुआ है. वे अपनी फिल्म की मेकिंग में पूरी तरह जुटे हुए हैं, ताकि दर्शकों को वही पुराना और धमाकेदार एंटरटेनमेंट दे सकें जिसके लिए उन्हें जाना जाता है.
About the Author
अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें

