Last Updated:
Common Fridge Mistakes: गर्मी में अधिकतर लोग फलों को फ्रिज में रख देते हैं, ताकि फल खराब न हों. हालांकि एक्सपर्ट्स की मानें तो केला, आम और तरबूज जैसे फलों को फ्रिज में रखने से उनका स्वाद बदल जाता है और पोषक तत्व कम हो जाते हैं. इन फलों को रूम टेंपरेचर पर रखना ही ठीक होता है.

केला, सेब और संतरा को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए, वरना स्वाद बदल सकता है.
Fruits Not To Keep in Fridge: गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है और इस मौसम में फल-सब्जियों को सही तरीके से स्टोर करना जरूरी होता है. अक्सर लोग फलों को फ्रेश बनाए रखने के लिए फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन सभी फलों को रेफ्रिजरेटर में रखना नुकसानदायक हो सकता है. एक्सपर्ट्स की मानें तो यह आदत सेहत और स्वाद दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकती है. कई फलों को फ्रिज की ठंडी हवा रास नहीं आती है और इससे उनके पोषक तत्व और टेक्सचर खराब हो जाते हैं. ऐसे फलों को फ्रिज से दूर रखना ही बेहतर है. आपको ऐसे कुछ फलों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें फ्रिज में स्टोर नहीं करना चाहिए.
इन फलों को फ्रिज में न रखें
तरबूज और पपीता : अक्सर लोग तरबूज को ठंडा करने के लिए घंटों फ्रिज में छोड़ देते हैं. हालांकि ऐसा करने से इसमें मौजूद महत्वपूर्ण एंटीऑक्सीडेंट्स कम हो जाते हैं और इसकी पौष्टिकता घट जाती है. वहीं पपीते की बात करें, तो अधपके पपीते को फ्रिज में रखने से उसका स्वाद बदल जाता है और वह सख्त हो जाता है. पपीता जब तक पूरी तरह पक न जाए, उसे बाहर ही रखना चाहिए, ताकि उसका प्राकृतिक स्वाद बना रहे.
लीची और अनानास : लीची को ताजा रखने के लिए लोग इसे फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन इससे केवल ऊपर का छिलका ताजा दिखता है, जबकि फल अंदर से खराब हो सकता है. लीची को फ्रेश रखने का सबसे अच्छा तरीका इसे पानी में भिगोकर रखना है. अनानास के साथ भी यही समस्या है. फ्रिज में रखने से यह बहुत ज्यादा नरम और पिलपिला हो जाता है, जिससे इसका कुदरती स्वाद बिगड़ जाता है. जब तक अनानास पूरी तरह पक न जाए, इसे फ्रिज से दूर रखें.
संतरा और सेब : संतरा जैसे खट्टे फलों को फ्रिज में रखने से वे सूखने लगते हैं और उनका रस कम हो जाता है. कमरे के तापमान पर रखने से इनका स्वाद और ताजगी बेहतर बनी रहती है. सेब की बात करें, तो ठंडी हवा इसके कई पोषक तत्वों को खत्म कर देती है. फ्रिज में रखे सेब अन्य खाद्य पदार्थों की गंध सोख लेते हैं, जिससे उनका अपना स्वाद खराब हो जाता है.
बेरीज और आलूबुखारा : स्ट्रॉबेरी और ब्लूबेरी जैसी बेरीज को ताजा ही खाना सबसे अच्छा है. फ्रिज में नमी के कारण ये बहुत जल्दी गलने लगती हैं और खराब हो जाती हैं. वहीं आलूबुखारा अगर कच्चा है, तो फ्रिज में रखने पर वह कभी नहीं पकेगा. पके हुए आलूबुखारे भी फ्रिज में रखने पर अपना असली स्वाद खोने लगते हैं. इसलिए इन छोटे लेकिन रसीले फलों को ठंडी और सूखी जगह पर रखना ही बेहतर है.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें