ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए क्या करें? डॉक्टर ने बताए 5 आसान उपाय, यंगस्टर्स जरूर करें फॉलो

ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए क्या करें? डॉक्टर ने बताए 5 आसान उपाय, यंगस्टर्स जरूर करें फॉलो


Natural Ways to Control BP: एक जमाने में हाई ब्लड प्रेशर को बुजुर्गों की बीमारी माना जाता था, लेकिन आजकल युवा इसका सबसे ज्यादा शिकार हो रहे हैं. 20 से 30 साल के युवा हाई ब्लड प्रेशर के मरीज बन गए हैं. भागदौड़ भरी जिंदगी, करियर का तनाव, खराब लाइफस्टाइल, अनहेल्दी खानपान और एक ही जगह बैठकर घंटों काम करने की आदत सेहत के लिए घातक साबित हो रही है. हाई बीपी एक गंभीर समस्या है, जो हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी डिजीज की वजह बन सकता है. इससे हार्ट को भी नुकसान होता है. इसलिए वक्त रहते बीपी कंट्रोल करना बहुत जरूरी है.

नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने News18 को बताया हाई ब्लड प्रेशर एक गंभीर समस्या है और यह युवाओं में तेजी से बढ़ रही है. हाई बीपी के लक्षण शुरुआत में नजर नहीं आते हैं, जिसकी वजह से यह बीमारी लगातार बढ़ती रहती है. यही वजह है कि हाई बीपी को साइलेंट किलर भी कहा जाता है. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान तरीकों से इसे कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है. अगर बीपी बढ़ने की शुरुआत हुई है, तो बिना दवाओं के भी इसे सही आदतों से कंट्रोल किया जा सकता है. अगर आप बीपी की दवा ले रहे हैं, तब भी दवा के साथ कुछ आसान तरीके बीपी को लंबे समय तक कंट्रोल करने में मददगार हो सकते हैं.

हाई बीपी कंट्रोल करने के आसान तरीके | Simple Ways To Control High BP

नमक कम खाएं : हाई ब्लड प्रेशर का सबसे बड़ा कारण ज्यादा नमक खाना माना जाता है. जब शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ जाती है, तो शरीर पानी रोकने लगता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है. आप खाने में जरूरत से ज्यादा नमक न डालें. पैकेज्ड फूड, चिप्स, नमकीन और प्रोसेस्ड चीजों से दूरी बना लें. कोशिश करें कि घर का ताजा और हल्का खाना खाएं. आमतौर पर एक व्यक्ति को पूरे दिन में 5 ग्राम यानी करीब 1 चम्मच से ज्यादा नमक नहीं खाना चाहिए. अगर आप कम उम्र में ही नमक कंट्रोल करने की आदत डाल लेते हैं, तो भविष्य में हाई बीपी का खतरा काफी कम हो सकता है.

रोज एक्सरसाइज करें : फिजिकल एक्टिविटी की कमी से ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है. आज के जमाने में ज्यादातर लोग घंटों लैपटॉप या मोबाइल के सामने बैठे रहते हैं, जिससे शरीर एक्टिव नहीं रह पाता है. डॉक्टर के अनुसार रोज कम से कम 30 मिनट वॉक, जॉगिंग, योग या हल्की एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए. नियमित व्यायाम करने से दिल मजबूत होता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रहता है. इससे ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में काफी मदद मिलती है. खासतौर पर यंगस्टर्स को फिट रहने के लिए एक्टिव लाइफस्टाइल अपनानी चाहिए, ताकि बीमारियों का खतरा कम हो सके.

तनाव कम करना जरूरी : लगातार स्ट्रेस और मानसिक दबाव भी ब्लड प्रेशर बढ़ाने का सबसे बड़ा कारण है. पढ़ाई, नौकरी, करियर और सोशल मीडिया के दबाव की वजह से युवा अक्सर तनाव में रहते हैं, जिसका असर उनकी सेहत पर पड़ता है. डॉक्टर का कहना है कि बीपी कंट्रोल रखने के लिए तनाव कम करना जरूरी है. इसके लिए मेडिटेशन, योग, डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें और अच्छी नींद लें. इसके अलावा अपने पसंदीदा कामों के लिए समय निकालना और स्क्रीन टाइम कम करना भी मानसिक स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है.

वजन कंट्रोल में रखें : बढ़ता वजन हाई ब्लड प्रेशर का खतरा कई गुना बढ़ा देता है. मोटापे की वजह से दिल को शरीर में ब्लड पंप करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बीपी बढ़ सकता है. अगर आपका वजन ज्यादा है, तो हेल्दी डाइट और एक्सरसाइज की मदद से उसे कंट्रोल करने की कोशिश करें. फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन से भरपूर चीजें खाने की आदत डालें. जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक और ज्यादा ऑयली चीजों से दूरी बनाना जरूरी है. थोड़ा सा वजन कम करने से भी ब्लड प्रेशर में बड़ा फर्क देखा जा सकता है.

अच्छी नींद लें और स्मोकिंग न करें : नींद की कमी और गलत आदतें भी हाई ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकती हैं. देर रात तक जागना, कम सोना और लगातार मोबाइल इस्तेमाल करना शरीर और दिमाग दोनों पर बुरा असर डालता है. डॉक्टर सलाह देते हैं कि रोज 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद जरूर लें. इसके अलावा स्मोकिंग और शराब जैसी आदतों से दूरी बनाएं. सिगरेट में मौजूद निकोटीन ब्लड प्रेशर को तेजी से बढ़ा सकता है और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *