Last Updated:
बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा है. इस फिल्म में उन्होंने ‘दादी’ का किरदार निभाया है. ‘सांगी’ फिल्म हरियाणवी ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘स्टेज’ पर रिलीज हुई है, जिसकी कहानी एक कलाकार के स्ट्रगल और लोक कला को पहचान दिलाने पर आधारित है. रणदीप हुड्डा इस ऐप के ब्रांड एंबेसडर भी हैं. उन्होंने अपनी मां को इस नई पारी के लिए मजाकिया और इमोशनल अंदाज में बधाई दी. रणदीप की बहन अंजलि हुड्डा भी पहले ही अभिनय में हाथ आजमा चुकी हैं.

रणदीप हुड्डा की बहन भी एक्ट्रेस हैं.
नई दिल्ली: बॉलीवुड के दमदार एक्टर रणदीप हुड्डा अक्सर अपनी बेहतरीन एक्टिंग से लोगों का दिल जीतते रहते हैं, लेकिन इस बार सुर्खियां वो नहीं बल्कि उनकी मां आशा हुड्डा बटोर रही हैं. जी हां, रणदीप की मां ने भी अब अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया है. उन्होंने क्षेत्रीय सिनेमा, खासकर हरियाणा की फिल्म ‘सांगी’ से अपना डेब्यू किया है. इस फिल्म में उन्होंने ‘दादी’ का किरदार निभाया है. रणदीप ने अपनी मां की फोटो शेयर करते हुए बड़े ही मजाकिया और प्यारे अंदाज में उन्हें बधाई दी. उन्होंने लिखा कि जब मां के रोल का समय था तब तो मौका नहीं मिला, लेकिन अब सीधा दादी के रोल से शुरुआत हो रही है. रणदीप अपनी मां को पर्दे पर देखने के लिए काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं और उन्होंने पूरी टीम को इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं.
हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ गुरुवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘स्टेज’ पर रिलीज हो गई है. फिल्म की कहानी काफी दिलचस्प और भावुक है, जो एक ऐसे कलाकार के इर्द-गिर्द घूमती है जिसे डांस का जुनून है. वह गांव में महिला बनकर डांस करता है, जिसे हरियाणा की लोक कला में ‘सांगी’ कहा जाता है. अक्सर यह काम किन्नर करते हैं, लेकिन फिल्म का मुख्य किरदार कुलदीप इस कला के जरिए अपनी पहचान बनाना चाहता है. उसे इस सफर में न केवल समाज की रूढ़ियों से बल्कि अपने खुद के परिवार और गांव वालों के विरोध से भी लड़ना पड़ता है. यह फिल्म एक मरती हुई लोक कला को सम्मान दिलाने और एक कलाकार के संघर्ष की बेहद खूबसूरत दास्तान पेश करती है.
‘स्टेज’ ऐप के ब्रांड एंबेसडर हैं रणदीप हुड्डा
दिलचस्प बात यह भी है कि रणदीप हुड्डा खुद ‘स्टेज’ ऐप के ब्रांड एंबेसडर हैं और वे पिछले काफी समय से हरियाणवी सिनेमा और वहां के टैलेंट को बढ़ावा देने के लिए निवेश भी कर रहे हैं. हुड्डा परिवार में सिनेमा का शौक सिर्फ रणदीप या उनकी मां तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी बहन अंजलि हुड्डा भी एक्टिंग में हाथ आजमा चुकी हैं. अंजलि ने रणदीप की फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ में एक छोटा सा रोल निभाया था. सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, अंजलि ने रणदीप के उस शारीरिक बदलाव में भी बड़ी भूमिका निभाई थी, जहां एक्टर ने सावरकर के किरदार के लिए महज 28 दिनों में 18 किलो वजन घटाया था. अब मां की इस नई पारी के बाद हुड्डा परिवार सही मायने में एक फिल्मी परिवार बनता नजर आ रहा है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें