Last Updated:
ये कहानी उस एक्ट्रेस की है जो छोटे शहर से बड़े सपने लेकर फिल्मी दुनिया में आई थी. एक्ट्रेस ने अपनी शानदार एक्टिंग और मासूमियत से ‘नेशनल क्रश’ का खिताब हासिल किया. इस एक्ट्रेस ने अपने छोटे से करियर में वो कर दिखाया जिसका सपना हर हीरोइन का होता है. एक्ट्रेस ने चार साल में चार सुपर ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं. चारों फिल्मों ने करीब 4000 करोड़ का बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन किया. इतना ही नहीं, 2026 में यह हीरोइन कई बड़ी फिल्मों में नजर आएगी.
चार साल में चार सुपर ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा होना किसी भी एक्ट्रेस के सपना सच होने जैसा है. शानदार एक्टिंग और मासूमियत से लोगों का दिल जीतने वालीं एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने यह कर दिखाया है. हाल ही में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया है. 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में दोनों परिणय सूत्र में बंधे थे. 4 मार्च को कपल के वेडिंग रिसेप्शन में कई राजनीतिक हस्तियों और इंडस्ट्री से उनके दोस्त शामिल हुए. रश्मिका मंदाना का अब तक का फिल्मी करियर बहुत ही सक्सेफुल रहा है. उन्होंने 2016 में आई कन्नड़ रोमांटिक कॉमेडी ‘किरिक पार्टी’ से अपने करियर का आगाज किया था. इस सुपरहिट फिल्म ने उन्हें अभिनय की दुनिया में पहचान दिलाई और उन्हें ‘कर्नाटक क्रश’ बनाया.
फिर आया साल 2021. इसी साल रश्मिका की एक तेलुगू फिल्म ‘पुष्पा : द राइज’ रिलीज हुई. 17 दिसंबर 2021 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ रश्मिका मंदाना की जोड़ी लोगों ने खूब पसंद किया. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की थी और रश्मिका मंदाना को रातोंरात नेशनल क्रश बना दिया. फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा.
‘पुष्पा : द राइज’ के ‘पुष्पा झुकेगा नहीं’ ‘फायर हैं मै’ डायलॉग बहुत फेमस हुए. मूवी ने कई रिकॉर्ड तोड़े. दुनियाभर 360 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. यह अल्लू अर्जुन की पहली 300 करोड़ी फिल्म बनी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
साल 2023 में रश्मिका मंदाना एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म में नजर आईं. यह फिल्म थी : एनिमल जिसका निर्देशन संदीप वांगा रेड्डी ने किया था. उन्होंने यह फिल्म चैलेंज देकर बनाई थी. दरअसल उनकी फिल्म ‘कबीर सिंह’ की आलोचना हुई तो उन्होंने इससे भी खतरनाक मूवी बनाने का चैलेंज दिया. उन्होंने यह चैलेंज ‘एनिमल’ फिल्म बनाकर पूरा किया. एनिमल मूवी 1 दिसंबर 2023 को रिलीज हुई. रनबीर कपूर-रश्मिका मंदाना ने अपनी अदाकारी से सबका दिल जीत लिया था.
फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक, 500 किलो वजनी मशीन गन सब कुछ अनूठा था. प्योर स्टील से बनी मशीन गन की कीमत 45 लाख रुपये बताई गई. हिंदी सिनेमा की किसी भी फिल्म में इस तरह की मशीन गन शायद दर्शकों ने नहीं देखी थी. पूरे चार माह में यह मशीन गन तैयार हुई थी. एनिमल में रनबीर कपूर का वायलेंट लुक देखने को मिला था. रनबीर कपूर का किरदार हीरो होते हुए भी विलेन जैसा था. बॉबी देओल फिल्म के असली विलेन थे. वैसे तो रनबीर कपूर के साथ परिणीति चोपड़ा को लीड रोल के लिए कास्ट किया जाना था. एनिमल की शूटिंग के दौरान वो इम्तियाज अली की फिल्म ‘चमकीला’ के लिए काम कर रही थीं. ऐसे में उनकी जगह रश्मिका मंदाना को लिया गया.
एनिमल मूवी की जितनी ज्यादा आलोचना हुई, लोकप्रियता भी उतनी ही मिली. 114 करोड़ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ मूवी ने ओपनिंग लेकर सबको हैरत में डाल दिया था. सिर्फ चार दिन में 400 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया. ₹100 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने ₹917.82 करोड़ से वर्ल्डवाइड कमाई की. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई.
साल 2024 में रश्मिका मंदाना अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने नजर आईं. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई की. यह फिल्म भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है. हिंदी भाषा में ही 800 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया. दुनियाभर में लगभग ₹1871 करोड़ का कलेक्शन किया. मूवी 5 दिसंबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने पहले रिलीज के हफ्ते में ही 725.8 करोड़ रुपए कमाए थे.
2025 भारतीय सिनेमा के लिए एक यादगार साल साबित हुआ. विक्की कौशल की हिस्टोरिकल एपिक ‘छावा’ फिल्म में रश्मिका मंदाना नजर आईं. छत्रपति संभाजी महाराज की कहानी पर बनी इस फिल्म का डायरेक्शन लक्ष्मण उटेकर ने किया था. अक्षय खन्ना ने औरंगजेब का रोल निभाया था. फिल्म ने 808 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया. मराठा इतिहास की ग्रैंड रीटेलिंग ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया. इस तरह से आप देखेंगे कि रश्मिका मंदाना ने पिछले चार साल में चार सुपर ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया. पुष्पा : द राइज ने जहां 360 करोड़ रुपये कमाए वहीं एनिमल ने 917 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. पुष्पा : द रुल ने तो 1871 करोड़ का वर्ल्ववाइड कलेक्शन करके इतिहास रच दिया. 2025 की शुरुआत में ही छावा फिल्म ने 800 करोड़ रुपये कमाए. इस तरह एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना की चार फिल्मों ने पिछले चार साल में 3948 करोड़ रुपये की कमाई की.

