शरीर पर क्यों निकल आते हैं मस्से? क्या है सबसे बड़ी वजह, मस्सों से कैसे मिलेगा छुटकारा, एक्सपर्ट से समझ लीजिए

शरीर पर क्यों निकल आते हैं मस्से? क्या है सबसे बड़ी वजह, मस्सों से कैसे मिलेगा छुटकारा, एक्सपर्ट से समझ लीजिए


Types of Warts and Cures: कई लोगों के शरीर पर मस्से निकल जाते हैं. कभी गर्दन, कभी अंडरआर्म्स, तो कभी-कभी प्राइवेट पार्ट्स पर भी मस्सों की समस्या हो जाती है. वैसे मस्सों में दर्द नहीं होता है, लेकिन ज्यादा हो जाएं, तो लोग परेशान हो जाते हैं. अधिकतर लोग मस्सों को स्किन की समस्या मानते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो इसकी सबसे बड़ी वजह एक वायरस है. अक्सर लोगों का सवाल होता है कि हमारे शरीर पर मस्से क्यों निकलते हैं और इनकी वजह क्या है? इसके अलावा कई लोग यह भी जानना चाहते हैं कि मस्सों को किस तरह हटवाया जा सकता है. इस बारे में डॉक्टर से ही जान लेते हैं.

यूपी के कानपुर स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. युगल राजपूत ने News18 को बताया कि शरीर पर मस्से निकलने की सबसे बड़ी वजह ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) है. यह वायरस स्किन की ऊपरी परत में प्रवेश कर जाता है और वहां कोशिकाओं की तेजी से वृद्धि करने लगता है. कोशिकाओं की इसी अतिरिक्त परत के कारण त्वचा पर एक उभार बन जाता है, जिसे हम मस्सा कहते हैं. HPV के 100 से भी ज्यादा वेरिएंट होते हैं और इसी कारण शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर निकलने वाले मस्सों का आकार और प्रकार भी अलग-अलग होता है. कुछ मस्से जेनेटिक भी हो सकते हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में यह वायरस के प्रति शरीर की प्रतिक्रिया ही होती है. इनकी पहचान सही समय पर करना जरूरी है.

एक से दूसरे व्यक्ति में फैल सकते हैं मस्से

डॉक्टर ने बताया कि मस्से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकते हैं. तौलिया, रेजर या अन्य व्यक्तिगत वस्तुओं को शेयर करने से भी HPV वायरस फैलता है और मस्सों का कारण बनता है. जो लोग सार्वजनिक स्विमिंग पूल का उपयोग करते हैं या जिम में नंगे पैर घूमते हैं, उन्हें पैरों के तलवों में होने वाले प्लांटर वार्ट्स का खतरा अधिक होता है. सभी मस्से एक जैसे नहीं होते. कॉमन वार्ट्स अक्सर हाथों की उंगलियों और घुटनों पर होते हैं. फ्लैट वार्ट्स आकार में छोटे और चिकने होते हैं जो चेहरे या गर्दन पर ज्यादा निकलते हैं. वहीं फिलीफॉर्म वार्ट्स धागे जैसे होते हैं, जो आंखों के पास या होंठों पर हो सकते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मस्से हटाने के लिए घरेलू नुस्खे न अपनाएं

एक्सपर्ट ने बताया कि अक्सर लोग मस्सों को कैंची से काटने, धागे से बांधने या चूना और अगरबत्ती से जलाने की कोशिश करते हैं. ऐसा करना खतरनाक होता है और लोगों को मस्से हटाने के लिए घरेलू नुस्खे नहीं आजमाने चाहिए. मस्से को काटने या रगड़ने से वायरस शरीर के अन्य हिस्सों में फैल सकता है और वहां गहरे घाव या इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है. कुछ मामलों में सैलिसिलिक एसिड युक्त क्रीम या टेप का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन वह भी केवल डॉक्टर की सलाह पर ही करना चाहिए. गलत तरीके से छेड़छाड़ करने पर त्वचा पर परमानेंट निशान पड़ सकते हैं.

मस्सों से छुटकारा पाने का बेस्ट ट्रीटमेंट

डॉक्टर युगल ने बताया कि मस्सों को हटाने के कई सुरक्षित तरीके मौजूद हैं. क्रायोथेरेपी में लिक्विड नाइट्रोजन के जरिए मस्से को जमाकर नष्ट किया जाता है. इलेक्ट्रोकॉटरी या लेजर ट्रीटमेंट के माध्यम से मस्से को जड़ से जलाकर हटा दिया जाता है, जिससे निशान न के बराबर रहते हैं. अगर मस्से बहुत जिद्दी या पुराने हैं, तो डॉक्टर छोटी सर्जरी या विशेष इंजेक्शन का भी सुझाव दे सकते हैं. ये प्रक्रियाएं बेहद कम समय में और बिना किसी खास दर्द के पूरी हो जाती हैं.

मस्सों से बचाव कैसे कर सकते हैं

एक्सपर्ट की मानें तो मस्सों से बचने के लिए स्वच्छता का ध्यान रखना सबसे जरूरी है. अपनी त्वचा को मॉइस्चराइज रखें, ताकि उसमें कट या दरारें न पड़ें. जिम या सार्वजनिक जगहों पर हमेशा फुटवियर पहनें. अगर आपके परिवार में किसी को मस्सा है, तो उनके पर्सनल सामान का उपयोग न करें. अपनी इम्यूनिटी को मजबूत रखें, क्योंकि एक मजबूत इम्यून सिस्टम HPV वायरस से लड़ने में सक्षम होता है और मस्सों को पनपने नहीं देता है. मस्सा केवल एक कॉस्मेटिक समस्या नहीं है, बल्कि एक वायरल संक्रमण है, जिसका इलाज एक्सपर्ट से ही कराना चाहिए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *