नई दिल्ली: मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपने फेमस आइटम गाने पर परफॉर्म करते हुए वीडियो पोस्ट किया है. ‘शहंशाह’ फिल्म के आइटम सॉन्ग ‘हे यू’ में मीनाक्षी पहली बार अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन पर नजर आई थीं. उन्होंने वीडियो के साथ दिए कैप्शन में बताया, ‘हे यू’ में सारा मसाला था. आशा भोसले के गाए गाने में शानदार सेट, लाजवाब ड्रेस और कमल मास्टर की ग्लैमरस कोरियोग्राफी है. जब मैंने इस गाने को रील के लिए दोबारा बनाने का फैसला किया, तो हमने शूटिंग लोकेशन को आउटडोर में शिफ्ट कर दिया. हमने पुणे में मूसलाधार बारिश के बीच गाने की शूटिंग की. आज भी यह गाना उतना ही ताजा और रोमांचक लगता है! मेरी कोरियोग्राफर स्वरा भरतनाट्यम में पारंगत हैं, लेकिन फिर भी कई अन्य विधाओं में भी माहिर हैं.’ 62 साल की मीनाक्षी की यह रील वायरल हो गई है, जिसमें उनकी शालीनता और स्क्रीन पर मौजूदगी की तारीफ की जा रही है, वहीं दूसरी ओर एक्ट्रेस की उम्र के चलते फब्तियां कसी जा रही हैं, जिनका फैंस ने तुरंत उनके सपोर्ट में जवाब दिया.
