Last Updated:
सुभाष घई ने एनीमेशन की दुनिया में कदम रखते हुए मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड के जरिए ग्रीन गोल्ड एनीमेशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है. इस पहल के तहत एसजीएम एनीमेशन स्टूडियो की शुरुआत की गई है, जो भारतीय कहानियों को नए अंदाज में पेश करेगा. सुभाष घई का उद्देश्य एनीमेशन के माध्यम से अपनी फिल्मी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है. छोटा भीम जैसी सफलताओं से प्रेरित यह कदम इंडस्ट्री के लिए अहम माना जा रहा है.
फिल्म डायरेक्टर सुभाष घई अब एनिमेशन में शुरुआत करने जा रहे हैं.
नई दिल्ली. हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्देशक सुभाष घई ने अपने रचनात्मक सफर को एक नए मोड़ पर ले जाते हुए प्रोडक्शन के क्षेत्र में अहम विस्तार किया है. उनकी कंपनी मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड ने अब एनीमेशन की दुनिया में कदम रखते हुए एक बड़ी साझेदारी की घोषणा की है. इस पहल के तहत कंपनी ने ग्रीन गोल्ड एनीमेशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ हाथ मिलाया है, जो भारत की एनीमेशन कंपनियों में गिनी जाती है.
इस सहयोग के अंतर्गत मुक्ता आर्ट्स ने अपनी नई डिवीजन एसजीएम एनीमेशन स्टूडियो की शुरुआत की है, जो ग्रीन गोल्ड के साथ मिलकर एनीमेशन फिल्में और वेब सीरीज तैयार करेगी. यह कदम न केवल कंपनी के विस्तार को दर्शाता है, बल्कि भारतीय कहानियों को नए और आधुनिक माध्यम में पेश करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है.
सुभाष घई एनिमेशन में कदम रखने जा रहे हैं
सुभाष घई ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस नई शुरुआत की जानकारी साझा करते हुए इसे ‘एक नए दौर की शुरुआत’ बताया. उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि भारतीय सिनेमा की समृद्ध कहानियों को एनीमेशन के जरिए वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाया जाए. उनका मानना है कि यह माध्यम खासतौर पर नई पीढ़ी और परिवारों के लिए बेहद प्रभावशाली साबित हो सकता है.
उन्होंने ग्रीन गोल्ड एनीमेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके प्रमुख राजीव चिलाका की भी जमकर सराहना की. सुभाष घई ने कहा कि छोटा भीम जैसे लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स ने भारतीय एनीमेशन इंडस्ट्री को नई पहचान दी है और इसी सफलता से प्रेरित होकर वे भी मजबूत और दिलचस्प कहानियों को एनीमेशन के रूप में प्रस्तुत करना चाहते हैं.

