Last Updated:
तमिल सुपरस्टार सूर्या और ज्योतिका की बेटी दीया का 12वीं कक्षा का रिपोर्ट कार्ड सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. स्टारकिड के 12वीं में शानदार अंक आए थे, जिसकी वजह से मार्कशीट इंटरनेट पर वायरल हो रही है. इसने फैंस के बीच काफी उत्सुकता पैदा कर दी है. हालांकि, यह मार्कशीट पुरानी है और दीया ने अपनी स्कूली शिक्षा पिछले साल ही पूरी कर ली थी. फिलहाल, दीया आगे की पढ़ाई कर रही हैं. वे एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्देशन करके अपना टैलेंट दिखा चुकी हैं.
नई दिल्ली: साउथ के सुपरस्टार सूर्या और उनकी पत्नी ज्योतिका की जोड़ी को रीयल लाइफ में भी ‘पावर कपल’ माना जाता है. हाल में सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी बेटी दीया के 12वीं क्लास के रिजल्ट को लेकर काफी चर्चा हो रही है. जैसे ही, तमिलनाडु में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे घोषित हुए, इंटरनेट पर दीया के नंबरों वाली एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया.
तमिल फिल्म इंडस्ट्री में सूर्या और ज्योतिका की लव स्टोरी किसी फिल्म से कम नहीं है. साल 2006 में शादी के बंधन में बंधने के बाद से यह कपल अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बीच बेहतरीन तालमेल बनाए हुए है. उनके दो बच्चे हैं—बेटी दीया और बेटा देव. सूर्या और ज्योतिका चाहे कितने भी बिजी क्यों न हों, वे अपने बच्चों की परवरिश और पढ़ाई के मामले में कभी कोई समझौता नहीं करते.
सूर्या और ज्योतिका की पहली मुलाकात 1999 में फिल्म ‘पूवेल्लम केट्टुपर’ के सेट पर हुई थी. यहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदली और फिर कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम करने के बाद उन्होंने शादी कर ली. कुछ साल पहले यह पूरा परिवार चेन्नई छोड़कर मुंबई शिफ्ट हो गया था. मुंबई आने के बाद ज्योतिका ने फिर से फिल्मों में एक्टिव होकर अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब बात करते हैं उस वायरल खबर की जिसने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया है. वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि दीया ने 12वीं की परीक्षा में 600 में से 581 अंक हासिल किए हैं. पोस्ट के मुताबिक, उन्हें तमिल में 96, इंग्लिश में 97 और फिजिक्स में 99 जैसे शानदार नंबर मिले हैं. इन आंकड़ों को देखकर फैंस दीया की बुद्धिमानी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोग उन्हें ‘ब्यूटी विद ब्रेन’ बता रहे हैं.
खबर के पीछे एक दिलचस्प पेच भी है. असल में हर साल जब भी 12वीं के नतीजे आते हैं, दीया की यही फोटो और नंबरों वाली लिस्ट इंटरनेट पर फिर से तैरने लगती है. गौर करने वाली बात यह है कि ये फोटो और मार्क्स बिल्कुल वैसे ही हैं जैसे पिछले साल शेयर किए गए थे. इससे सोशल मीडिया पर काफी भ्रम पैदा हो गया है कि क्या ये सच में इस साल के नंबर हैं?
हकीकत तो यह है कि दीया ने अपनी स्कूली शिक्षा पिछले साल ही पूरी कर ली थी. ज्योतिका ने खुद पिछले साल एक इमोशनल वीडियो शेयर करके अपनी बेटी को स्कूल ग्रेजुएशन की बधाई दी थी. इसलिए इस साल वायरल हो रही मार्कशीट पुरानी ही लग रही है. हालांकि, इसमें कोई शक नहीं कि दीया पढ़ाई में शुरू से ही काफी होशियार रही हैं और उनके पिछले रिकॉर्ड्स भी बेहतरीन रहे हैं.
सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, दीया ने कम उम्र में ही अपनी क्रिएटिविटी का परिचय भी दिया है. उन्होंने ‘लीडिंग लाइट’ नाम की एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्देशन किया है. यह फिल्म बॉलीवुड में काम करने वाली महिला सिनेमैटोग्राफर्स के स्ट्रगल और सफलता को दर्शाती है. खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट को उनके माता-पिता की प्रोडक्शन कंपनी 2D एंटरटेनमेंट ने सपोर्ट किया था.
फिलहाल, दीया अपनी हाइअर स्टडीज पर ध्यान दे रही हैं. सूर्या और ज्योतिका हमेशा से ही अपने बच्चों को लाइमलाइट से दूर रखकर उन्हें एक साधारण और बेहतर माहौल देने की कोशिश करते आए हैं. भले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अंक पुराने हों, लेकिन दीया की अचीवमेंट साबित करती हैं कि वे अपने माता-पिता की तरह ही टैलेंटेड और मेहनती हैं.

