नई दिल्ली. सोनू सूद ने सिल्वर स्क्रीन पर एक से बढ़कर एक खूंखार विलेन के किरदार निभाए हैं. उनकी दमदार एक्टिंग के लोग कायल हैं. वह सलमान खान की फिल्म दबंग में छेदी सिंह का रोल निभाकर छा गए थे, जिसे आज भी लोग भूल नहीं पाए हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोनू सूद ने शुरुआत में इस आइकॉनिक रोल को करने से साफ मना कर दिया था? यह खुलासा खुद एक्टर ने किया है. साथ ही उन्होंने सलमान खान की दबंग 2 मूवी ठुकराने की वजह का भी खुलासा किया.
दिव्या जैन के साथ एक बातचीत में सोनू सूद ने खुलासा किया कि जब उन्हें यह फिल्म ऑफर हुई, तो उन्हें अपना किरदार कुछ खास जमा नहीं था और वह उससे कनेक्ट नहीं कर पा रहे थे. सोनू ने बताया कि डायरेक्टर अभिनव कश्यप के साथ कई दौर की लंबी चर्चाओं के बाद ही बात आगे बढ़ी. उन्होंने फिल्म साइन करने से पहले निर्देशक के साथ मिलकर इस रोल पर बारीकी से काम किया.
सोनू सूद ने अपने किरदार में करवाए कई बदलाव
सोनू सूद के सुझावों के बाद ही छेदी सिंह के किरदार को थोड़ा मजाकिया और एंटरटेनिंग बनाया गया, ताकि वह सिर्फ एक घिसा-पिटा विलेन न लगे. इसी मेहनत का नतीजा था कि सलमान खान के सामने सोनू सूद भी महफिल लूट ले गए.
सोनू सूद को नहीं समझ आ रहा था अपना रोल
सोनू सूद ने कमाई से ज्यादा स्क्रिप्ट को दी अहमियत
अपने करियर के फैसलों पर बात करते हुए सोनू सूद ने साफ किया कि उन्होंने कभी भी फिल्मों को सिर्फ कमाई का जरिया नहीं माना. उन्होंने कहा, ‘मैंने कभी पैसों के लिए कोई फिल्म साइन नहीं की. क्योंकि अगर आप सिर्फ मोटे चेक के चक्कर में हां कह देते हैं, तो सेट पर आपको हमेशा घुटन महसूस होगी और आप अपना बेस्ट नहीं दे पाएंगे.’ उनके लिए क्रिएटिव संतुष्टि हमेशा पैसों से ऊपर रही.
सोनू सूद ने बताई ‘दबंग 2’ रिजेक्ट करने की वजह
हैरानी की बात यह है कि जिस फिल्म ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई, उसी के सीक्वल ‘दबंग 2’ से सोनू ने दूरी बना ली थी. सोनू ने बताया कि सलमान खान और अरबाज खान दोनों ही उन्हें फिल्म में लेना चाहते थे, लेकिन उन्हें स्क्रिप्ट कुछ खास जमी नहीं. सोनू ने कहा, ‘सलमान और अरबाज भाई चाहते थे कि मैं दबंग 2 का हिस्सा बनूं. लेकिन जब मैंने पहली बार कहानी सुनी, तो मुझे अपना रोल समझ नहीं आया. मुझे लगा कि घुमा-फिराकर बात करने से अच्छा है कि मैं अपनी बात ईमानदारी से रख दूं.’
सोनू सूद ने सलमान खान की फिल्म से कर लिया था किनारा
उन्होंने बताया, ‘मैंने साफ कह दिया कि मुझे यह रोल समझ नहीं आ रहा है. मुझे लगा कि इस बार मैं किरदार में कुछ नया नहीं जोड़ पाऊंगा, इसलिए मैंने सम्मान के साथ फिल्म से किनारा कर लिया और उन्हें शुभकामनाएं दीं.’ इसके बाद सलमान खान की दबंग 2 मे प्रकाश राज ने खलनायक का रोल निभाया था जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया.
सलमान खान से अच्छी बॉन्डिंग शेयर करते हैं सोनू सूद
अच्छी बात ये है कि ‘दबंग 2’ को ठुकराने के बावजूद सोनू सूद और सलमान खान के रिश्तों में जरा भी कड़वाहट नहीं आई. सोनू ने बताया कि कैसे सलमान ने खुद उन्हें फिल्म की पहली ट्रायल स्क्रीनिंग पर बुलाया था. सोनू बोले, ‘मुझे अच्छी तरह याद है जब फिल्म का पहला ट्रायल शो था, तो सलमान भाई ने मुझे फोन किया. उन्होंने बड़े प्यार से मुझसे पूछा कि छेदी सिंह, जो पिक्चर तूने छोड़ दी है, क्या उसे देखना चाहेगा? मैंने भी तुरंत हां कर दी और फिर हमने साथ बैठकर फिल्म देखी.

