Last Updated:
2000 के दशक के बाद बॉलीवुड का चेहरा काफी बदल चुका है. उस दौर में जहां रोमांटिक फिल्में, म्यूजिक एल्बम और नए चेहरों का बोलबाला था, वहीं आज इंडस्ट्री कंटेंट, ओटीटी और बड़े बजट के प्रयोगों की ओर बढ़ चुकी है. इस बदलाव के बीच कई ऐसे सितारे भी रहे, जिन्होंने अपने समय में दर्शकों के दिलों पर राज किया, लेकिन धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली.
2000 के दशक में शाइनी आहूजा, रिमी सेन और उदय चोपड़ा जैसे बॉलीवुड सितारों का दबदबा था. इन सितारों ने अपनी रोमांटिक छवि से दर्शकों के दिलों पर राज किया था. ये सितारे न सिर्फ फिल्मों में लीड रोल में नजर आए, बल्कि उनके गाने और स्टाइल भी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहे. कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और इन कलाकारों को रातों-रात स्टार बना दिया.
वक्त के साथ इन सितारों का करियर वैसा नहीं रहा जैसा शुरुआती दौर में दिखा था. कुछ कलाकारों को लगातार मौके नहीं मिले, तो कुछ ने खुद ही ग्लैमर वर्ल्ड से दूरी बनाना बेहतर समझा. उदाहरण के तौर पर, रिमी सेन ने फिल्मों से हटकर अन्य फील्ड में कदम रखा, जबकि उदय चोपड़ा ने प्रोडक्शन और इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स की ओर रुख किया.
शाइनी आहूजा ने ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ और ‘गैंगस्टर’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय से पहचान बनाई थी. हालांकि, कानूनी विवादों के चलते उनका करियर पटरी से उतर गया. 2009 में एक्टर के घर पर काम करने वाली महिला ने उनपर रेप का आरोप लगाया था. महिला ने शाइनी आहूजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. कोर्ट-कचहरी के मामले में करियर की गाड़ी पटरी से उतर गई.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रिमी सेन को प्रियदर्शन की हिट कॉमेडी ‘हंगामा’ (2003) से बड़ा ब्रेक मिला था. इसके अलावा वह ‘धूम’ (2004), ‘फिर हेरा फेरी’ (2006) और ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ (2006) जैसी फिल्मों में भी नजर आईं. हालांकि, उन्होंने धीरे-धीरे फिल्मों में काम करना कम कर दिया. बॉलीवुड छोड़ने के बाद रिमी सेन ने खुद को लाइमलाइट से दूर कर लिया. उन्होंने शांत और निजी जिंदगी को चुना और पर्सनल ग्रोथ पर ध्यान दिया. बाद में वह दुबई शिफ्ट हो गईं, जहां उन्होंने पूरी तरह अलग पेशा अपनाया. अब वह रियल एस्टेट सेक्टर में रियल एस्टेट एजेंट के तौर पर काम कर रही हैं.
‘धूम’ फ्रेंचाइजी में अली के किरदार के लिए मशहूर उदय चोपड़ा कभी यशराज फिल्म्स की फिल्मों में जाना-पहचाना चेहरा थे. समय के साथ उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली और प्रोडक्शन व इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स पर फोकस किया. वह अब ज्यादातर लाइमलाइट से दूर रहते हैं और कभी-कभार ही पब्लिक अपीयरेंस देते हैं.
‘मैं हूं ना’ जैसी फिल्मों से लोकप्रियता पाने वाले जायद खान अपने करियर को ज्यादा समय तक बरकरार नहीं रख सके. वह धीरे-धीरे मुख्यधारा की फिल्मों से गायब हो गए और अब बिजनेस और कुछ डिजिटल प्रोजेक्ट्स पर ध्यान दे रहे हैं. उन्होंने वापसी के संकेत दिए हैं, लेकिन अब तक बड़े स्तर पर कमबैक नहीं किया है.
तुषार कपूर ने ‘गोलमाल’ जैसी कॉमेडी फ्रेंचाइजी में सफलता पाई, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने ऑन-स्क्रीन नजर आना कम कर दिया. आजकल वह अपने बैनर ‘तुषार एंटरटेनमेंट हाउस’ के जरिए फिल्म प्रोडक्शन और एंटरप्रेन्योरशिप में ज्यादा एक्टिव हैं. इस बैनर ने 2020 की हॉरर-कॉमेडी ‘लक्ष्मी’ से डेब्यू किया था.
‘मोहब्बतें’ और ‘जहर’ जैसी फिल्मों के लिए जानी जाने वाली शमिता शेट्टी ने भी धीरे-धीरे फिल्मों से दूरी बना ली. शिल्पा शेट्टी की बहन शमिता ने ‘बिग बॉस ओटीटी’ और फिर ‘बिग बॉस 15’ में हिस्सा लेकर वापसी की, लेकिन वह मुख्यधारा की फिल्मों में अब तक नहीं लौटी हैं.
‘मोहब्बतें’ से शमिता शेट्टी के साथ ही कुल 6 नए कलाकारों ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा. इस फिल्म में किम शर्मा भी नजर आई थीं जो पहली फिल्म के बाद चंद फिल्मों में नजर आई थीं. किम शर्मा भी बॉलीवुड में लंबा करियर नहीं बना पाईं. अब वह एक्टिंग से दूर हैं और अपनी निजी जिंदगी और पब्लिक अपीयरेंस पर ध्यान देती हैं.

