Last Updated:
Kumar Sanu Superhit Song : 90 दशक का रोमांटिक मेलोडियस म्यूजिक का क्रेज आज भी कम नहीं हुआ है. जब भी 90s का कोई हिट गाना बजता है कि दिल का कोना-कोना महकने लगता है. मन बहकने लगता है. इस दौर में कुमार सानू की आवाज गली-मोहल्लों, टेंपों-टैक्सी और बसों में सुनाई देती थी. नदीम-श्रवण और कुमार सानू के संयोजन में बने गीत आज भी कानों में मिश्री बनकर घुल जाते हैं. कुमार सानू को 1991 से 1995 तक बेस्ट प्लेबैक सिंगर के पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले. उनका 90s का एक गाना तो ऋषि कपूर-दिव्या भारती की पहचान बन गया. इस गाने को उन्होंने सिर्फ 9 मिनट में रिकॉर्ड किया था. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खूब पैसे छापे थे. यह गाना कौन सा था और वो फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं…….

Kumar Sanu 90s ke Blockbuster Gane : 90 के दशक में रोमांटिक म्यूजिकल फिल्मों के दौर में 26 जून 1992 को एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई जिसका म्यूजिक बहुत नायाब था. कुमार सानू-अलका याज्ञनिक-साधना सरगम के दिल को छूने वाले सुपरहिट गाने थे. इसी फिल्म के एक गाने के लिए कुमार सानू को फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने यह गाना सिर्फ 9 मिनट में रिकॉर्ड किया था. गाना आज भी उतना ही हिट है. आज भी इस गाने का सहारा लेकर प्रेमी अपने प्यार का इजहार करते हैं. हम ‘दीवाना’ फिल्म के गाने ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार करेंगे की नहीं, ये दिल बेकरार करेंगे की नहीं.’ फिल्म थी दीवाना जिसमें बॉलीवुड के सदाबहार हीरो ऋषि कपूर के सामने शाहरुख खान थे.

‘दीवाना’ फिल्म के 46 मिनट की लेंग्थ के कुल 8 गाने रखे गए थे. सभी गाने सुपरहिट थे. फिल्म के कुछ गाने ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार करें कि नहीं, ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं, तेरी उम्मीद तेरा इंतजार करते हैं, पायलिया हो हो, तेरी इस अदा इस पे सनम और तेरे दर्द से दिल आबाद रहा…’ थे. शाहरुख खान का पहला डेब्यू बाइक सॉन्ग ‘कोई ना कोई चाहिए, प्यार करने वाला’ बहुत मकबूल हुआ था. नदीम-श्रवण और कुमार सानू की जोड़ी ने लगातार तीसरी बार फिल्म फेयर अवॉर्ड जीता था. 1990 में आशिक्री, 1991 में साजन और 1992 में दीवाना फिल्म के लिए फिल्म फेयर अवॉर्ड जीता था.

दीवाना एक रोमांटिक एक्शन फिल्म थी जिसे राज कंवर ने डायरेक्ट किया था. स्क्रीनले-डायलॉग सागर सरहदी ने लिखे थे. कहानी रणबीर पुष्प ने लिखी थी. फिल्म में ऋषि कपूर, दिव्या भारती, शाहरुख खान लीड रोल में थे. यह शाहरुख खान की डेब्यू फिल्म थी. फिल्म की कहानी लव ट्रायंगल पर बेस्ड थी. दिव्या भारती की मासूमियत ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. फिल्म का म्यूजिक नदीम-श्रवण ने कंपोज किया था. गीत समीर ने लिखे थे. फिल्म का म्यूजिक सुपरहिट था जो दर्शकों को थिएटर तक खींच लाने में कामयाब रहा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘सोचेंगे तुम्हें प्यार करें की नहीं’ तो ऋषि कपूर की पहचान बन गया. इस गाने की शुरुआत में कुमार सानू ने जो अलाप लिया, उसने इंडस्ट्री में एक नया ट्रेंड स्थापित किया. फिर तो अलाप सुनकर ही लोग गाने का अंदाजा लगा लेते थे. कुमार सानू ने ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार करें की नहीं’ को सिर्फ 9 मिनट में रिकॉर्ड किया था. उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया था.

नदीम-श्रवण ने ‘दीवाना’ फिल्म के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का फिल्म फेयर अवॉर्ड जीता था. लगातार तीसरी बार उन्हें यह अवॉर्ड मिला था. इससे पहले 1990 में आशिक्री, 1991 में साजन के लिए भी नदीम-श्रवण-कुमार सानू फिल्म फेयर अवॉर्ड जीत चुके थे.

दीवाना फिल्म का म्यूजिक देने से पहले संगीतकार नदीम-श्रवण ने डायरेक्टर राज कंवर से अपनी एक खास शर्त पूरी करवाई थी. नदीम ने उनसे ऋषि कपूर की मिमिक्री करने के लिए कहा था. ऐसा ना करने पर म्यूजिक नहीं देने की भी बात कही थी. गीतकार समीर अनजान ने अपने एक इंटरव्यू में यह किस्सा शेयर किया था. समीर ने कहा था कि राज कंवर ऋषि कपूर की तरह एक्टिंग करते थे. मिमिक्री से खुश होकर नदीम ने अपने म्यूजिक बैंक से धुनें निकालीं और कहानी के हिसाब से गाने दिए.

सबसे दिलचस्प बात यह है कि पहले सभी गाने ऋषि कपूर के ही रिकॉर्ड हो रहे थे. ‘दीवाना’ की सिटिंग में शाहरुख खान भी बीच में आते रहते थे. उन्होंने नदीम से कहा था कि ऋषि कपूर तो महान एक्टर हैं ही लेकिन मेरे करियर का सवाल है. कुछ गाने मुझे भी दीजिए. मेरी तरफ भी नजरें इनायत कर लीजिए. शाहरुख खान का अंदाज नदीम को पसंद आया. ‘कोई ना कोई चाहिए, प्यार करने वाला’ शाहरुख का इंट्रोड्क्शन सॉन्ग था. इसमें उसका बिंदास रंग सामने आया. फिर ‘ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं’ गाना भी उसी के लिए लिखा गया.

दीवाना फिल्म को गुड्डू धनोआ, ललित कपूर और राजू कोठारी ने मिलकर प्रोड्यूस किया था. दीवाना फिल्म के लिए शाहरुख खान को 11 हजार रुपये साइनिंग अमाउंट दिया गया था. उस समय शाहरुख 5 फिल्मों की शूटिंग में बिजी थे. हेमा मालिनी की ‘दिल आशिना है’ में वो काम कर रहे थे. दीवाना पहले रिलीज हुई, इसलिए वो उनकी डेब्यू फिल्म बन गई. गुड्डू धनोआ ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें इस फिल्म से 80 लाख का प्रोफिट मिला था. दीवाना 1992 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म थी. गुड्डू धनोआ लीजेंड एक्टर धम्रेंद्र के बुआ के लड़के हैं. दोनों के बीच भाई का रिश्ता है.

फिल्म का एक और सुपरहिट गाना ‘ऐसी दीवानगी, देखी नहीं कहीं’ जब ऋषि कपूर ने सुना तो डायरेक्टर राज कंवर उसे उन्होंने इस गाने को उन पर फिल्माने पर जोर दिया. राज कंवर ने उन्हें किसी तरह समझाया और कहा कि यह गाना सिर्फ और सिर्फ शाहरुख खान के कैरेक्टर के लिए बनाया गया है. गाना शाहरुख खान-दिव्या भारती पर फिल्माया गया था. इस गाने की ट्यून कल्ट कन्नड़ मूवी बयालू दारी (1976-77) से ली गई थी.