Last Updated:
Buttermilk Health Benefits: छाछ शरीर को हाइड्रेट रखने, पाचन सुधारने और ऊर्जा देने में मदद करता है. ये एक नेचुरल ड्रिंक है जो दही से बनाया जाता है. छाछ में मौजूद पोटैशियम, सोडियम और अन्य खनिज गर्मियों में पसीने के कारण शरीर में होने वाली इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को दूर कर सकते हैं.

Chhach Pine Ke Fayde: गर्मियों का मौसम तेज धूप, लू और उमस के साथ आ चुका है. देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है. इस समय प्यास लगते ही कई लोग तुरंत कोल्ड ड्रिंक या पैक्ड जूस की तरफ चले जाते हैं. लेकिन ये पेय सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं क्योंकि इनमें बहुत चीनी और रासायनिक तत्व होते हैं.
आयुर्वेद के अनुसार, गर्मियों में शरीर को ठंडक देने और प्यास बुझाने के लिए छाछ सबसे अच्छा प्राकृतिक पेय है. यह हल्का, ठंडा और पौष्टिक होता है. नेशनल हेल्थ मिशन भी कहता है कि छाछ या बटरमिल्क को रोजाना पीना सेहत के लिए फायदेमंद है. यह शरीर को एनर्जी देता है, प्यास बुझाता है और पेट को ठंडक पहुंचाता है.
गर्मी में छाछ पीने के फायदे
छाछ दही को फेंटकर पानी के साथ तैयार किया जाता है. इसमें पानी अधिक होने की वजह से यह तुरंत शरीर को हाइड्रेट करता है और गर्मी से होने वाले डिहाइड्रेशन से बचाता है. इसके अलावा, छाछ पाचन के लिए भी बहुत लाभकारी है. इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पेट में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं, जिससे कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याएं कम होती हैं.
आयुर्वेद में छाछ को पेट की गर्मी कम करने वाला और पाचन सुधारने वाला पेय माना गया है. यह पेट की गर्मी शांत करता है, जिससे मुहांसे और दाग-धब्बे कम होते हैं और चेहरे पर निखार आता है. साथ ही यह कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है.
गर्मियों में पसीने के कारण शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है. छाछ में मौजूद पोटैशियम, सोडियम और अन्य खनिज इस कमी को पूरा करते हैं. साथ ही यह वजन नियंत्रित करने में मदद करता है क्योंकि इसमें कैलोरी कम होती है.
छाछ बनाना बहुत आसान है. इसे बनाने के लिए दही को अच्छी तरह फेंटें और उसमें पानी मिलाएं. फिर स्वाद के लिए सेंधा नमक, जीरा पाउडर, काली मिर्च और पुदीना डालें. कुछ लोग इसमें नींबू का रस या अन्य मसाले भी मिलाते हैं. इसे सुबह नाश्ते के साथ या दोपहर में प्यास लगने पर पीना बहुत फायदेमंद होता है.
About the Author

शारदा सिंह बतौर सीनियर सब एडिटर News18 Hindi से जुड़ी हैं. वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्यू पर आधारित रिपोर्ट्स बनाने में एक्सपर्ट हैं. शारदा पिछले 5 सालों से मीडिया …और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.