रणदीप हुड्डा ने बेटी के हाथ की तस्वीर इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है।
हरियाणा के रहने वाले बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी लिन लैशराम ने बेटी को जन्म दिया। रणदीप हुड्डा ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
.
रणदीप के पिता रणवीर हुड्डा का भी आज ही जन्मदिन है। रणदीप ने अपने पिता और बेटी की फोटो शेयर करते हुए हरियाणवी में लिखा, “दादा अर पोती नै जन्मदिन की घणिए बधाई।”
इसके बाद रणदीप ने इंग्लिश में लिखा, “पापा आज, जब मैं पिता बना हूं, तो आपके लिए मेरा सम्मान और भी गहरा हो गया है। सबसे महत्वपूर्ण बात- लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी बच्ची को इस दुनिया में लाने के लिए धन्यवाद। एक छोटी लड़की और जीवनभर का प्यार।”
रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने 29 नवंबर 2023 को मणिपुर के इंफाल में पारंपरिक मैतेई रीति-रिवाज से शादी की थी।
रणदीप ने पिता-बेटी की तस्वीर शेयर की…

एक दिन पहले बेबी बंप की तस्वीरें शेयर कीं
एक दिन पहले रणदीप हुड्डा की पत्नी लिन लैशराम ने इंस्टाग्राम पर बेबी बंप के साथ फोटो शेयर की थीं। लिन ने लिखा- कैमरे के सामने काम करते हुए सालों तक अपने शरीर को लेकर कई तरह की असुरक्षाएं महसूस होती थीं। कभी बहुत पतली, कभी बहुत मोटी या कभी किसी और वजह से, लेकिन अब प्रेग्नेंसी के दौरान अपने शरीर का यह बदलाव सबसे खूबसूरत लग रहा है। आज वह अपने शरीर की आलोचना नहीं करतीं, बल्कि इस बदलाव के लिए आभारी हैं।

लिन लैशराम ने मैटरनिटी फोटोशूट कराया था। इस दौरान उनके साथ पति रणदीप हुड्डा भी रहे।
एक्टर रणदीप हुड्डा के बारे में जानिए….
- पिता सर्जन, मां सामाजिक कार्यकर्ता: रणदीप हुड्डा का जन्म 20 अगस्त 1976 को हरियाणा के रोहतक में एक हरियाणवी जाट परिवार में हुआ। उनके पिता डॉ. रणबीर सिंह हुड्डा एक मेडिकल सर्जन हैं, और माता आशा हुड्डा सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनका बचपन अपनी दादी के साथ बीता है, क्योंकि उनके माता-पिता काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते थे। उनकी बड़ी बहन अंजलि हुड्डा सांगवान डॉक्टर हैं। छोटे भाई संदीप हुड्डा सिंगापुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।
- तैराकी, घुड़सवारी में मेडल जीत चुके: रणदीप ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सोनीपत के राई स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स (MNSS) से पूरी की। यहां उन्होंने तैराकी और घुड़सवारी में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीते। स्कूल में उन्होंने थिएटर में भी रुचि दिखाई और कई नाटकों में भाग लिया, जिनमें से एक का निर्देशन भी किया। बाद में उनका तबादला दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम में हो गया।
- ऑस्ट्रेलिया में टैक्सी ड्राइवर बने: 1995 में हुड्डा ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न चले गए, जहां उन्होंने मार्केटिंग में ग्रेजुएशन और व्यवसाय प्रबंधन एवं मानव संसाधन प्रबंधन में मास्टर डिग्री प्राप्त की। वहां रहते हुए उन्होंने चीनी रेस्टोरेंट, कार वॉश, वेटर और टैक्सी ड्राइवर जैसे काम किए। 2000 में भारत लौटने के बाद उन्होंने एक एयरलाइन के मार्केटिंग विभाग में काम किया, और साथ ही दिल्ली में मॉडलिंग और थिएटर में भी हाथ आजमाया।
- 2023 में मणिपुर की एक्ट्रेस से शादी की: ‘टू टीच हिज ओन’ नाटक की रिहर्सल के दौरान निर्देशक मीरा नायर की नजर उन पर पड़ी और उन्हें फिल्म में काम का प्रस्ताव मिला। रणदीप हुड्डा ने नवंबर 2023 में मणिपुरी एक्ट्रेस और मॉडल लिन लैशराम से शादी की।
- मां ने पोस्ट किया-हमारे घर आई नन्हीं राजकुमारीः रणदीप हुड़्डा की माता आशा हुड्डा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से पोस्ट शेयर किया है। जिसमें लिखा- भगवान की कृपा से हमारे घर एक नन्हीं राजकुमारी का आगमन हुआ है और आज हम दादा-दादी बन गए हैं। भगवान उसे जीवन में सुख, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दें।

—————————–
ये खबर भी पढ़ें :-
रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम का मैटरनिटी फोटोशूट:बेबी बंप फ्लॉन्ट करती दिखीं लिन, तस्वीरों में दिखा कपल का रोमांटिक अंदाज

बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और उनकी पत्नी व अभिनेत्री लिन लैशराम ने एक खूबसूरत मैटरनिटी फोटोशूट कराया, जिसकी झलक उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की है। तस्वीरें सामने आते ही फैंस उन्हें खूब पसंद कर रहे हैं और लगातार बधाइयां दे रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…