13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने बॉलीवुड में बढ़ते PR कल्चर और नई पीढ़ी के स्टार्स पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर किए।
शनिवार को X पर अमीषा ने सबसे पहले नेगेटिव कंटेंट बनाने वाले यूट्यूबर्स को लेकर लिखा, ‘कभी भी उन कुछ नेगेटिव यूट्यूबर्स की बातों से दुखी या परेशान मत होइए, जो हर सुबह स्टार्स की आलोचना और नेगेटिव बातें करने के लिए उठते हैं। हम स्टार्स को उनसे परेशान होने के बजाय उनके लिए खुश होना चाहिए। आखिर हमारी बुराई करके ही उनका घर चल रहा है। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।’
इसके बाद अमीषा ने दूसरे ट्वीट में लिखा, ‘खुद को सुपरस्टार तभी कहिए, जब आपने ऐसा काम किया हो, जिसने इतिहास बनाया हो और बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया हो। उससे पहले खुद को सुपरस्टार कहलवाने के लिए PR गेम खेलना बंद कीजिए। सॉरी, लेकिन यही कड़वी सच्चाई है।’
दो एवरेज फिल्मों से स्टार नहीं बनते: अमीषा
अगले ट्वीट में अमीषा ने लिखा, ‘कई ऐसी एक्ट्रेसेस हैं, जिन्होंने आज तक अपने करियर में एक भी सोलो ब्लॉकबस्टर नहीं दी, फिर भी खुद को स्टार कहती हैं। साल में 2 एवरेज फिल्में करने और कुछ शूटिंग सेट्स पर मौजूद रहने से कोई स्टार नहीं बन जाता। उससे आप सिर्फ एक एक्टर बनते हैं, जो किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा होता है।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘ज्यादातर ऐसी एक्ट्रेसेस, जिनकी आज तक एक भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ₹200 करोड़ तक नहीं पहुंची, वो अपनी PR टीम से खुद को नंबर 1 और नंबर 2 कहलवा रही हैं। सच में? ये 2026 है, 2000 नहीं। आज के समय में ₹100 करोड़ कोई बड़ी बात नहीं है।’
अमीषा पटेल ने PR मशीनरी पर साधा निशाना
PR मशीनरी को लेकर एक्ट्रेस ने लिखा, ‘कोई स्टार तभी ग्लोबल सुपरस्टार बनता है, जब वह दुनिया भर में बड़ी हिट फिल्में दे। किसी भी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना हर एक्टर के लिए अच्छी बात होती है, चाहे वह दुनिया में कहीं भी हो, लेकिन सुपरस्टार वही बनता है, जिसने बड़े हिट दिए हों। इसलिए PR मशीनरी बंद कीजिए।’
अपनी फिल्मों का जिक्र करते हुए अमीषा ने लिखा, ‘कहो ना… प्यार है, गदर: एक प्रेम कथा और गदर 2… एक नहीं, बल्कि बतौर हीरोइन मैंने 3 सबसे बड़ी सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। इन तीनों फिल्मों की फुटफॉल भी सबसे ज्यादा रही। आज तक ये मेरे को-स्टार्स के करियर की भी सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिनी जाती हैं, लेकिन बाकी एक्ट्रेसेस की तरह मेरी फेक PR मशीनरी इतनी मजबूत नहीं है।’
अमीषा ने पोस्ट में गदर 3 को लेकर भी संकेत दिए। उन्होंने लिखा, ‘गदर 3 जरूर आएगी और जब आएगी, तो थिएटर्स में जबरदस्त हंगामा मच जाएगा। ऑडियंस के प्यार और भगवान के आशीर्वाद से गदर 3 जैसी फ्रेंचाइजी के लिए ₹500 करोड़ तो सिर्फ शुरुआत है। इस बार फिल्म का स्केल और कहानी पहले से भी ज्यादा बड़ी और धमाकेदार होगी। तैयार रहिए।’
वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘भैयाजी सुपरहिट’ के बाद फिल्मों में 5 साल बाद वापसी करते हुए अमीषा गदर 2 में नजर आई थीं। ‘गदर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी।
