Last Updated:
Amit Sadh Best Web Series OTT: अमित साध ने पिछले कुछ वर्षों में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी अलग पहचान बनाई है. दमदार अभिनय, इंटेंस स्क्रीन प्रेजेंस और रियलिस्टिक किरदारों की वजह से अमित साध आज डिजिटल दुनिया के सबसे भरोसेमंद एक्टर्स में गिने जाते हैं. खासतौर पर उनकी वेब सीरीज और थ्रिलर ड्रामा दर्शकों को काफी पसंद आते हैं. वे हर किरदार में इतनी गहराई लेकर आते हैं कि दर्शक उनसे जुड़ाव महसूस करने लगते हैं.
अमित साध ने अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीता.
मुंबई. चाहे पुलिस ऑफिसर हो, सैनिक हो या थ्रिलर कहानी का अहम किरदार, अमित साध हर भूमिका को पूरी ईमानदारी से निभाते हैं. यही वजह है कि आज ओटीटी दर्शकों के बीच उनकी अलग फैन फॉलोइंग बन चुकी है. प्रतिभाशाली कलाकार होते हुए भी फिल्मों में उन्हें उतने मौके नहीं मिल पाए, जिसके वे हकदार रहे. लेकिन ओटीटी के चलते उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया. साबित किया कि उनके जैसा एक्टर इंडस्ट्री में नहीं है. यहां हम आपको उनकी 4 सीरीजी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने उनके करियर को नई ऊंचाई दी.
सबसे पहले बात करते हैं ‘दुरंगा’ की. यह एक साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर है, जिसमें अमित साध एक पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आते हैं. कहानी एक ऐसे सीरियल किलर के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी असलियत धीरे-धीरे सामने आती है. सीरीज में सस्पेंस और इमोशनल ड्रामा का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है. अमित साध ने अपने गंभीर और तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी वाले रोल को काफी प्रभावशाली तरीके से निभाया है. उनकी एक्टिंग कहानी को मजबूती देती है और दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है. इस सीरीज को दर्शकों से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला. सीरीज में गुलशन दैवेया और दृष्टि धामी हैं. सीरीज के जो सीजन आ चुके हैं, जिसे जी5 पर देखा जा सकता है. इस सीरीज की आईएमडीबी रेटिंग 7.4 है.
इसके बाद आती है ‘ब्रीथ’ और ‘ब्रीथः इंटू द शैडो’, जिसमें अमित साध ने इंस्पेक्टर कबीर सावंत का किरदार निभाया. पहले सीजन की कहानी एक ऐसे पिता की है, जो बेटे के हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए अस्पताल की लिस्ट में उसके बेटे से आने वाले जरूरतमंदों को अलग-अलग तरीके से मारता है. जबकि दूसरे सीजन में कहानी एक ऐसे पिता के इर्द-गिर्द घूमती है जिसके बेटी किडनैप हो जाती है और उसे अपनी बेटी को बचाने के लिए खतरनाक रास्ते अपनाने पड़ते हैं. अमित साध का किरदार इस पूरी कहानी में जांच और सस्पेंस को आगे बढ़ाता है. यह सीरीज अपराध, मानसिक तनाव और रहस्य से भरी हुई है. इस सीरीज को प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं. इसकी आईएमडीबी रेटिंग 7.6 है.
वेब सीरीज ‘जीत की जिद’ अमित साध के करियर की सबसे शानदार सीरीज में गिनी जाती है. यह कहानी एक भारतीय सैनिक मेजर दीप सिंह के जीवन पर आधारित है, जो कारगिल युद्ध में गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी हार नहीं मानता. व्हीलचेयर पर आने के बाद भी वह जिंदगी से लड़ता है और अपने जज्बे से नई मिसाल कायम करता है. अमित साध ने इस किरदार में जान डाल दी थी. उनकी मेहनत, फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन और इमोशनल अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया. इस सीरीज की IMDb रेटिंग 8.2 है. इस सीरीजो को जी5 पर देख सकते हैं.
वहीं, ‘अवरोधः द सीज विदइन’ में अमित साध भारतीय सेना के मेजर विदीप सिंह के रोल में दिखाई दिए. यह सीरीज उरी हमले और उसके बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक की बैकग्राउंड पर आधारित है. देशभक्ति, रणनीति और सेना के साहस को बेहद शानदार तरीके से दिखाया गया है. अमित साध ने एक आर्मी ऑफिसर के रोल में जबरदस्त एनर्जी और गंभीरता दिखाई. उनकी बॉडी लैंग्वेज और डायलॉग डिलीवरी ने किरदार को बेहद रियल बना दिया. इस सीरीज की आईएमडीबी रेटिंग 7.7 है. इसे सोनी लिव पर देख सकते हैं.
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से बतौर सीनियर सब एडिटर न्यूज18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रहे हैं. समय-समय पर विधानसभा-लोकसभा चुनाव पर भी काम करते हैं. इससे पहले हिंदीरश (पिंकविला) में एंटर…और पढ़ें

