नई दिल्ली. ऑस्कर अवॉर्ड्स का ऐलान होते ही फिल्म लवर्स की एक ही परेशानी शुरू हो जाती है कि आखिर जिन फिल्मों ने अवॉर्ड्स में धमाल मचाया, उन्हें देखा कहां जाए? हर साल की तरह इस बार भी कई इंटरनेशनल फिल्में सुर्खियों में रहीं. कुछ फिल्मों ने कई सारी कैटेगरी में ऑस्कर जीते. लेकिन इस बार अच्छी खबर यह है कि अब इनमें से ज्यादातर फिल्में अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं. कुछ फिल्में अभी स्ट्रीम हो रही हैं, तो कुछ के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन आपकी वॉचलिस्ट अब पूरी तरह सेट होने वाली है.
सबसे पहले बात करेंगे उस फिल्म की जिसका पूरे ऑस्कर्स में दबदबा था. इस फिल्म का नाम गेस करना कोई मुश्किल बात नहीं है. ये ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ है. इस फिल्म ने कई सारे अवॉर्ड्स जीते और खूब सुर्खियां बटोरीं. यह फिल्म ग्लोबली एचबीओ मैक्स पर स्ट्रीम हो रही है, जबकि भारत में इसे जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है. इसके साथ ही आप इस ऑस्कर विनिंग फिल्म को प्राइम वीडियो और ऐप्पल टीवी पर रेंट भी कर सकते हैं.
जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं ये फिल्में
वहीं, फिल्म ‘सिनर्स’ भी इन दिनों काफी चर्चा में है. यह भी एचबीओ मैक्स पर उपलब्ध है और भारत में जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकती है. अगर आपके पास इन प्लेटफॉर्म्स की सब्सक्रिप्शन नहीं है, तो इसे प्राइम वीडियो और ऐप्पल टीवी पर रेंट करने का ऑप्शन भी मौजूद है.
‘अवतार फायर एंड ऐश’ के लिए करना होगा इंतजार
अब बात उस फिल्म की, जिसका इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं. जेम्स कैमरून की ‘अवतार फायर एंड ऐश’ को बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में ऑस्कर मिला. इस फिल्म की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. थिएटर्स में दर्शकों का दिल जीतने के बाद फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर काफी उत्साह है. अभी तक अवतार ओटीटी पर नहीं आई है. लेकिन इसको लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह बना हुआ है. उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही यह भारत में जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.
अगर आप कुछ अलग और डॉक्यूमेंट्री स्टाइल कंटेंट देखना चाहते हैं, तो ‘मिस्टर नोबॉडी अगेंस्ट पुतिन’ (Mr. Nobody Against Putin) आपके लिए दिलचस्प हो सकती है. हालांकि, यह फिल्म अभी बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आसानी से उपलब्ध नहीं है और इसे फिलहाल फेस्टिवल या लिमिटेड रिलीज के जरिए ही देखा जा सकता है. अभी तक भारत में इसे देख पाना मुश्किल है.
आइरिश एक्ट्रेस जेसी बकले ने 36 साल की उम्र में दूसरा ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है. वो लीड रोल में बेस्ट एक्ट्रेस कैटेगरी में ऑस्कर जीतने वाली पहली आइरिश एक्ट्रेस बन गई हैं. उन्हें ‘हेमनेट’ के लिए ये अवॉर्ड मिला. मशहूर राइटर शेक्सपियर की जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘हेमनेट’ को आप पीकॉक पर देख सकते हैं. इसका अलावा ये प्राइम वीडियो और ऐप्पल टीवी पर भी रेंट की जा सकती है.
फ्री में देख सकते हैं ये शॉर्ट फिल्म
वहीं, शॉर्ट फिल्म ‘द गर्ल व्हू क्राइड पर्ल्स’ (The Girl Who Cried Pearls) की बात करें, तो इसे आप यूट्यूब पर मुफ्त में देख सकते हैं, जो इसे सबसे आसानी से एक्सेस होने वाली फिल्म बनाता है.
कुल मिलाकर, इस बार ऑस्कर में छाई फिल्मों को देखने के लिए आपके पास कई ऑप्शन हैं. कुछ अभी ओटीटी पर उपलब्ध हैं, कुछ के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा. ऐसे में अगर आप वीकेंड पर कुछ शानदार और चर्चित फिल्में देखना चाहते हैं, तो यह लिस्ट आपके लिए परफेक्ट साबित हो सकती है.