37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पॉपुलर यूट्यूबर और ‘UK07 राइडर’ नाम से सोशल मीडिया पर पहचान रखने वाले अनुराग डोभाल इस वक्त अस्पताल के ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। आत्महत्या करने की कोशिश में उनकी कूल्हे की दोनों हड्डियां टूट गई हैं।
इस गंभीर स्थिति के बीच उनके पिता ने अनुराग और उनकी पत्नी रितिका चौहान को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया है। पिता ने अखबार में विज्ञापन देकर सार्वजनिक रूप से बेटे-बहू से संबंध खत्म करने की घोषणा की है।

हादसे के बाद से ही अनुराग की हालत नाजुक बनी हुई है।
पिता ने निकाला विज्ञापन- अब हमारा कोई वास्ता नहीं
अनुराग के पिता जगदम्बा प्रसाद डोभाल ने देहरादून के एक अखबार में सार्वजनिक सूचना निकलवाई है। इसमें लिखा है, ‘मैं अपने पुत्र अनुराग डोभाल और पुत्रवधु रितिका चौहान डोभाल को अपनी समस्त चल-अचल संपत्ति से बेदखल करता हूं।
भविष्य में इनके द्वारा किए गए किसी भी कृत्य व लेन-देन के वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। मेरी और मेरे परिवार की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। यह विज्ञापन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

150 की स्पीड पर टकराई थी कार
बिग बॉस के कंटेस्टेंट रह चुके राइडर अनुराग डोभाल ने शनिवार रात इंस्टाग्राम पर लाइव आकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उन्होंने लाइव में तेज रफ्तार में कार चलाते हुए डिवाइडर पर चला दी, जिसके बाद से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वह दिल्ली-देहरादून हाईवे पर करीब 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से कार चला रहे थे। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उनके मैनेजर और दोस्तों ने बताया कि अनुराग की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद अनुराग को लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
परिवार पर लगाया था टॉर्चर का आरोप
इस विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी जब अनुराग ने इंस्टाग्राम पर कई इमोशनल पोस्ट किए थे। 3 मार्च को उन्होंने लिखा था कि उन्हें मेंटली टॉर्चर किया जा रहा है। अनुराग ने वीडियो में दावा किया था, मुझसे मेरा परिवार, पैसा और रिश्ते सब छीन लिए गए हैं। अगर मुझे कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार मेरे मम्मी, पापा और भाई होंगे।
इंटर-कास्ट मैरिज बनी विवाद का कारण
अनुराग ने अपने आखिरी व्लॉग में बताया था कि रितिका के साथ उनकी इंटर-कास्ट मैरिज को लेकर परिवार खुश नहीं था। उन्होंने काफी कोशिश की, लेकिन घरवाले शादी में शामिल नहीं हुए। अनुराग का कहना था कि उन्हें न तो माता-पिता का प्यार मिला और न ही भाई का।
यहां तक कि उन्होंने अपनी पत्नी रितिका पर भी कुछ गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि, एक्सीडेंट के बाद रितिका अपने परिवार के साथ अस्पताल पहुंची हैं और उन्होंने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है।
