Last Updated:
Flop Films with Hit Songs: बॉलीवुड में अक्सर ऐसा होता है कि फिल्म की कहानी दर्शकों को थिएटर में नहीं बिठा पाती, लेकिन उसका संगीत सालों तक दिलों में गूंजता रहता है. ये बॉलीवुड का अनोखा विरोधाभास है कि स्क्रीन पर कई फिल्मों की कहानी फ्लॉप हो गईं पर धुनें हिट रहीं. ये उन्हीं फिल्मों की दिलचस्प कहानी है, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर ध्वस्त होकर भी गीतों की अमरत्त्व की मिसाल पेश की. तो चलिए, आज हम ऐसी ही 5 फ्लॉप फिल्में पर नजर डालते हैं, जिनके गीत आज भी सुपरहिट हैं…

नई दिल्ली. बॉलीवुड में कई बार ऐसा हुआ है जब बड़े सितारे, भारी बजट और शानदार लोकेशन होने के बावजूद फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टिक नहीं पाईं. लेकिन कुछ फिल्मों की किस्मत उनके गानों ने बचा ली. कहानी भले ही दर्शकों को बांध नहीं सकी, मगर उनकी धुनें लोगों के दिलों में हमेशा के लिए बस गईं. कई फिल्मों को आज लोग उनकी कहानी से ज्यादा उनके म्यूजिक एल्बम की वजह से याद करते हैं. प्लेलिस्ट से लेकर शादी-पार्टी और रोड ट्रिप तक, इन फिल्मों के गाने आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं. खास बात यह है कि इनमें से कई फिल्मों को रिलीज के समय फ्लॉप या औसत माना गया था, लेकिन उनका संगीत वक्त के साथ कल्ट बन गया.

सबसे पहले बात ‘दिल से’ की. मणिरत्नम ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया और शाहरुख खान और मनीषा कोइराला की जोड़ी साथ में नजर आई. इस फिल्म को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप माना गया. करीब 11-18 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन लगभग 10.77 करोड़ रुपये रहा, जो उस समय के हिसाब से औसत से नीचे था. विदेश में फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया और ब्रिटेन में टॉप-10 में जगह बनाई, लेकिन भारत में कहानी की गंभीरता और पॉलिटिकल थीम दर्शकों को नहीं पसंद आई.

‘दिल से’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन इसका संगीत इतिहास बन गया. ए.आर रहमान के संगीत और गुलजार के बोलों ने हर गाने को खास बना दिया. ‘छैंया छैंया’, ‘दिल से रे’ और ‘सतरंगी रे’ जैसे गाने आज भी आइकॉनिक माने जाते हैं। खासकर चलती ट्रेन पर फिल्माया गया ‘छैंया छैंया’ भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार गीतों में गिना जाता है. इस फिल्म की एल्बम ने भारत में 60 लाख यूनिट्स से ज्यादा बिक्री की. रहमान की यह साउंडट्रैक अब भी ‘रहमान बेस्ट’ मानी जाती है. कहानी भले ही न चली, लेकिन धुनें आज भी सुनाई देती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘झंकार बीट्स’ सुजॉय घोष की डायरेक्टोरियल डेब्यू थी. विशाल-शेखर का संगीत युवाओं को पसंद आया, लेकिन फिल्म कमर्शियल तौर पर ज्यादा सफल नहीं हुई. लेकिन इसका संगीत उस दौर के युवाओं का एंथम बन गया. ‘तू आशिकी है’ और ‘सुनो ना’ जैसे गाने आज भी लोगों की फेवरेट लिस्ट में शामिल हैं. यह फिल्म इंडी म्यूजिक और अर्बन साउंड के लिए खास मानी जाती है.

‘देवदास’, ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘ब्लैक’, ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’, संजय लीला भंसाली अपनी हिट्स फिल्म के लिए जाने जाते हैं. साल 2007 में वह ‘सांवरिया’ लेकर आए. जिसके साथ रणबीर कपूर और सोनम कपूर ने बॉलीवुड में डेब्यू किया. भव्य सेट्स, कलात्मक विजुअल्स और मोंटी शर्मा का संगीत फिल्म की सबसे बड़ी ताकत था. फिल्म बजट लगभग 45 करोड़ रुपये था, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन सिर्फ 39.22 करोड़ रहा. जो साफ तौर पर कमर्शियल डिजास्टर साबित हुई.

रणबीर कपूर और सोनम कपूर की फिल्म भले फ्लॉप रही, लेकिन फिल्म के गाने यादगार हो गए. ‘ जब से तेरे नैना’, ‘सांवरिया’, ‘यूं शबनमी’ जैसे गाने आज भी प्यार भरी प्लेलिस्ट में शामिल हैं. फिल्म की काव्यात्मक शैली और संगीत ने इसे कल्ट स्टेटस दिलाया, भले ही कहानी को पेसिंग और स्क्रीनप्ले की वजह से आलोचना मिली. फिल्म के गानों ने रोमांटिक प्लेलिस्ट में अपनी खास जगह बनाई.

इम्तियाज अली की ‘तमाशा’ फिल्म भी इसी लिस्ट में शामिल है. जिसे रिलीज के समय मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था. रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म थी. फिल्म का बजट करीब 87 करोड़ रुपये था और रिलीज के बाद फिल्म ने भारत में नेट कलेक्शन करीब 68.5 करोड़ रहा, जो फ्लॉप रहा. दर्शक कहानी के नॉन-लीनियर स्ट्रक्चर और ‘तमाशा’ वाले कॉन्सेप्ट से कन्फ्यूज हो गए.

इम्तियाज अली की फिल्म का भले तमाशा बन गया हो. लेकिन एआर रहमान का संगीत हिट रहा. ‘अगर तुम साथ हो’ और ‘मटरगश्ती’ जैसे गीत
इरशाद कामिल ने ऐसे लिखें, जो लोगों की जुबान पर चढ़ गए. ये गाने युवाओं के बीच बेहद पॉपुलर हुए. वक्त के साथ फिल्म को कल्ट फॉलोइंग भी मिली.

साल 2015 में एक और फिल्म रिलीज हुई. ‘रॉय’ में रणबीर कपूर, अर्जुन रामपाल और जैकलीन फर्नांडिस नजय आए. रॉय 2015 की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में से एक थी, लेकिन कहानी और डायरेक्शन की वजह से फ्लॉप साबित हुई. दर्शक फिल्म को ‘बोरिंग’ बताकर उठ गए, लेकिन इसके संगीत ने पार्टियों में धमाल मचा दिया

फिल्म की कहानी भले लोगों को ज्यादा प्रभावित नहीं कर सकी, लेकिन इसके गाने रिलीज से पहले ही चार्टबस्टर हुए. अरिजीत सिंह की आवाज में ‘तू है की नहीं’, ‘सूरज डूबा है’, और ‘छिटियां कलइयां’ जैसे गानों ने चार्टबस्टर का दर्जा हासिल किया.

वहीं, ‘बार-बार देखो’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई, लेकिन इसके गाने हर पार्टी और शादी की जान बन गए. सिद्धार्थ मल्होत्रा और कैटरीना कैफ स्टारर इस फिल्म का गाना ‘काला चश्मा’ अंतरराष्ट्रीय स्तर तक लोकप्रिय हुआ. इसके अलावा ‘तेरी खैर मंगदी’ और ‘सौ आसमान’ भी काफी पसंद किए गए. बॉलीवुड में अक्सर कहा जाता है कि अच्छी कहानी फिल्म को यादगार बनाती है, लेकिन इन फिल्मों ने साबित किया कि कभी-कभी संगीत भी किसी फिल्म को अमर बना सकता है. भले ही ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस न दौड़ पाईं, लेकिन इनके गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में जिंदा हैं.