Watermelon Rind Benefit : गर्मी का मौसम आते ही लाल-लाल और रसीले तरबूज की याद आने लगती है. हम सब बड़े चाव से तरबूज खाते हैं और उसके लाल हिस्से का लुत्फ़ उठाते हैं, लेकिन जैसे ही सफेद और हरा छिलका सामने आता है, उसे ‘कचरा’ समझकर डस्टबिन में फेंक देते हैं.
अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो रुक जाइए! क्योंकि जिस छिलके को आप फेंक रहे हैं, असल में वह सेहत का खजाना है. हेल्थलाइन के मुतााबिक, तरबूज का 92% हिस्सा पानी होता है, लेकिन इसके छिलके में ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो आपकी बॉडी के लिए किसी ‘सुपरफूड’ से कम नहीं हैं. आइए जानते हैं आखिर क्यों ये छिलके आपके लिए कीमती हैं.
क्यों खाएं तरबूज के छिलके(Why eat watermelon peel)?
ब्लड प्रेशर रहेगा कंट्रोल: अगर डॉक्टर ने आपको बीपी कंट्रोल करने की सलाह दी है, तो तरबूज का छिलका आपकी मदद कर सकता है. रिसर्च कहती है कि इसके छिलके का अर्क मोटापे से जूझ रहे लोगों में ब्लड प्रेशर को काबू करने में मदद करता है.
वर्कआउट में मिलेगी एनर्जी: जिम जाने वालों के लिए यह कमाल की चीज़ है. इसमें ‘सिट्रलाइन’ (Citrulline) नाम का एमिनो एसिड होता है, जो नसों को फैलाता है और मांसपेशियों तक ऑक्सीजन पहुँचाता है. इससे आप एक्सरसाइज के दौरान जल्दी थकते नहीं हैं.
पेट की समस्याओं का काल (Fiber Rich): तरबूज के छिलके में भरपूर फाइबर होता है. यह न सिर्फ आपका पेट साफ रखता है, बल्कि कोलेस्ट्रॉल और शुगर लेवल को भी कम करने में मदद करता है. इसे खाने से पेट भरा-भरा लगता है, जिससे वजन घटाने में भी मदद मिलती है.
शादीशुदा जिंदगी में लाएगा मिठास: यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन रिसर्च बताती है कि इसके छिलके में मौजूद सिट्रलाइन पुरुषों में लिबिडो बढ़ाने और कुछ गुप्त समस्याओं को दूर करने में भी मददगार हो सकता है.
कैसे करें खाने में इस्तेमाल?
मसालेदार स्नैक: तरबूज के सफेद हिस्से को पतले टुकड़ों में काट लें. इस पर थोड़ा नींबू का रस, चाट मसाला या लाल मिर्च छिड़कें. इसका स्वाद बिल्कुल ताजे खीरे जैसा क्रंची और चटपटा लगता है. यह शाम की हल्की भूख के लिए बेस्ट है.
देसी सब्जी या अचार: बहुत कम लोग जानते हैं कि तरबूज के छिलके की सब्जी लाजवाब बनती है. आप इसे आलू के साथ या मसालों में भूनकर सूखी सब्जी की तरह बना सकते हैं. इसके अलावा, इसका खट्टा-मीठा अचार भी लंबे समय तक चलता है और खाने का स्वाद बढ़ा देता है.
ठंडी फ्रूट कैंडी: गर्मियों में कुछ ठंडा खाने का मन हो, तो तरबूज के स्लाइस को छिलके समेत फ्रीजर में रख दें. जमने के बाद इसे बाहर निकालें और किसी ठंडी कैंडी या आइसक्रीम की तरह खाएं. यह बच्चों को भी खूब पसंद आता है.
हेल्दी स्मूदी और जूस: अगर आप जूस या स्मूदी के शौकीन हैं, तो छिलके के सफेद हिस्से को छीलकर मिक्सर में डाल दें. इससे आपके ड्रिंक में एक्स्ट्रा फाइबर जुड़ जाएगा, जो पेट साफ रखने और वजन घटाने में मदद करता है.
अगली बार जब घर में तरबूज आए, तो छिलकों को बेकार समझकर फेंकने की गलती न करें. इन्हें अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं और कम खर्च में अपनी सेहत को बनाएं फौलादी!

