गर्मियों में पेट की जलन और गैस से हैं परेशान, तो यहां डॉक्टर से जानिए देसी और असरदार उपाय

गर्मियों में पेट की जलन और गैस से हैं परेशान, तो यहां डॉक्टर से जानिए देसी और असरदार उपाय


रामपुर: मार्च खत्म होते-होते गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. इसका असर अब सिर्फ शरीर की थकान तक सीमित नहीं है, बल्कि पेट और पाचन से जुड़ी दिक्कतें भी गर्मी की वजह से तेजी से बढ़ रही हैं. कई लोग पेट में जलन, गैस, भूख कम लगना और भारीपन जैसी समस्याओं से परेशान हैं.

आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहम्मद इकबाल के मुताबिक गर्मियों में सबसे ज्यादा जरूरी अपनी डाइट और साफ-सफाई का ध्यान रखना होता है. उन्होंने बताया कि इस मौसम में शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो जाता है और अगर खानपान सही न हो तो पेट से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं. उन्होंने कहा कि लोग अक्सर बाहर की तली-भुनी चीजें, होटल का खाना और ज्यादा मसालेदार फूड खा लेते हैं जिससे शरीर की गर्मी और बढ़ जाती है.

गर्मियों में कैसी होनी चाहिए डाइट

डॉक्टर इकबाल के अनुसार गर्मियों में हल्का और जल्दी पचने वाला भोजन सबसे बेहतर माना जाता है. उन्होंने कहा कि खाने से पहले और बाद में हाथ साफ करना बेहद जरूरी है क्योंकि इस मौसम में संक्रमण जल्दी फैलता है वहीं बासी खाना खाने से भी पेट खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने सलाह दी कि ताजा भोजन करें और मौसमी फलों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं.

सौंफ का पानी असरदार

आयुष चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि घर में मौजूद कई साधारण चीजें गर्मी में दवा जैसा काम करती हैं, जैसे कि सौंफ का पानी पेट की जलन और गर्मी को कम करने में मदद करता है. इसके लिए रात में पानी में सौंफ भिगो दें और सुबह उस पानी को छानकर पी लें इससे शरीर को ठंडक मिलती है और पाचन भी बेहतर रहता है.

नारियल पानी भी गर्मियों में काफी फायदेमंद

उन्होंने बताया कि नारियल पानी भी गर्मियों में काफी फायदेमंद माना जाता है क्योंकि यह शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता वहीं नींबू का शरबत और आम पन्ना भी शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करते हैं डॉक्टर के मुताबिक आम पन्ना लू से बचाने में काफी असरदार माना जाता है और गर्मी में कमजोरी महसूस नहीं होने देता.

छाछ, सत्तू, खीरा और बेल का शरबत का करें इस्तेमाल

डॉक्टर मोहम्मद इकबाल ने कहा कि लोग गर्मी में राहत पाने के लिए कोल्ड ड्रिंक का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे कुछ देर राहत जरूर मिलती है फायदा नहीं इसके बजाय छाछ, सत्तू, खीरा और बेल का शरबत जैसे देसी उपाय ज्यादा कारगर साबित होते हैं उन्होंने बताया कि खीरा शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने में मदद करता है और पेट को ठंडा रखता है.

मटके का पानी है बेहतर

उन्होंने कहा कि कई लोग दिनभर पानी कम पीते हैं और जब ज्यादा प्यास लगती है, तो एक साथ बहुत ठंडा पानी पी लेते हैं इससे भी पाचन पर असर पड़ता है. इसलिए, थोड़ी-थोड़ी देर में सामान्य या मटके का पानी पीना बेहतर माना जाता है.

आयुर्वेद के अनुसार गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाली चीजों का सेवन बढ़ाना चाहिए. डॉक्टर इकबाल का कहना है कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर लोग गर्मी के असर से काफी हद तक बच सकते हैं. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है, क्योंकि उनका शरीर जल्दी प्रभावित होता है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *