Ganne ka juice peene ke fayde: गर्मियों में गन्ने का जूस पीना सेहत के लिए अमृत समान है. यह एक नेचुरल ड्रिंक है, जो कई तरह के पोषक तत्वों का भंडार होता है. जब आप तेज धूप में घूमकर घर लौटते हैं तो थकान महसूस होती है. इस थकान को कम करने का काम करता है, गन्ने का रस. ये रस शरीर को तुरंत ही भरपूर एनर्जी देता है. गन्ने के रस पीने के क्या फायदे होते हैं और इसमें क्या-क्या पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जानिए यहां विस्तार से…
गन्ने के जूस में मौजूद पोषक तत्व
गन्ने का रस एक पावर-पैक्ड जूस है, जिसमें मिनरल्स, विटामिंस, एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना होता है. इसमें एलेक्ट्रोलाइट्स को शरीर में बढ़ाने के भी गुण होते हैं. शरीर को डिटॉक्सिफाई, हाइड्रेटेड भी बनाए रखता है. इसमें कार्बोहाइड्रेट्स, आयरन, विटामिन सी, मैग्नीशियम, कैल्शियम, पोटैशियम, विटामिन बी1, बी2, बी9, एनर्जी, जिंक आदि होते हैं.
गन्ने का जूस पीने फायदे
-गर्मियों में गन्ने का रस पीने से शरीर को भरपूर एनर्जी मिलती है. आपकी सारी थकान दूर हो जाती है. आयुर्वेद में गन्ने के रस को कई बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल किया जाता है. यह शरीर को तरोताजा रखता है. यह लिवर की कार्यक्षमता बढ़ाता है. पाचन तंत्र को दुरुस्त बनाए रखता है. खासकर, पीलिया जैसी बीमारी में गन्ने का रस पीना बहुत फायदेमंद माना गया है.
-हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, गन्ने का रस एक नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक है, जो शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है. यह क्षारीय पेय (alkaline drink) होता है, जिसके कारण इम्यूनिटी बूस्ट होती है.
-आयुर्वेद में गन्ने के रस को मूत्रवर्धक, शीतलक, रेचक और टॉनिक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. यह पेशाब में जलन, पेशाब न आने की समस्या और रक्तस्राव में भी राहत देता है.
-लिवर की कार्यप्रणाली में सुधार करता है गन्ने का रस. पीलिया जैसी लिवर संबंधी समस्याओं के प्राकृतिक उपचारों में से एक गन्ने का रस है. इसकी क्षारीय प्रकृति पेट के अतिरिक्त पित्त रस और अम्लों को बेअसर करती है. लिवर की कार्य क्षमता को मजबूत बनाती है.
-यूनानी चिकित्सा में इसे पीलिया के मरीजों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद माना जाता है. आधुनिक अध्ययनों में भी गन्ने में सूजन-रोधी, दर्द निवारक और लिवर की रक्षा करने वाले गुण पाए गए हैं.
-इसमें मौजूद मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स तनाव कम करने में मददगार है.
गन्ने का जूस पीने का सही तरीका
विशेषज्ञों के अनुसार, गन्ने का ताजा और शुद्ध रस ही पीना चाहिए. अगर आप ठेले से गन्ने का रस पी रहे हैं तो ध्यान दें कि वहां मक्खियां ना भिनभिना रही हों. साफ-सफाई का पूरा ध्यान दिया जा रहा हो. बाजार में मिलने वाले मिलावटी गन्ने का जूस पीने से भी बचें. गन्ने के रस में आप नींबू या अदरक का रस मिलाकर भी पी सकते हैं. इसके फायदे अधिक बढ़ जाते हैं. हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को सावधानी बरतनी चाहिए.

