अंबाला: देशभर में हाई ब्लड प्रेशर आज के समय की सबसे आम स्वास्थ्य समस्याओं में से एक बन चुका है. चिंता की बात यह है कि अब कम उम्र के लोग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं. आमतौर पर लोग ब्लड प्रेशर बढ़ने पर डॉक्टर की सलाह से दवाइयां लेना शुरू कर देते हैं, जिससे बीपी मशीन में संख्या सामान्य दिखने लगती है. लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि केवल दवाओं से रक्तचाप नियंत्रित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसकी जड़ तक पहुंचकर खानपान और जीवनशैली में सुधार करना भी बेहद जरूरी है.
गर्मी में क्यों बढ़ जाती है बीपी
इसी विषय पर जब लोकल 18 की टीम ने अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में कार्यरत आयुर्वेदिक डॉक्टर मीनाक्षी शर्मा से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में हाई BP के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है. इसे नियंत्रित करने के लिए सबसे पहला कदम नमक का सेवन कम करना है.
उन्होंने कहा कि भोजन में पकाते समय डाला गया नमक ही पर्याप्त होता है, इसलिए सलाद, दही या फलों पर ऊपर से अतिरिक्त नमक डालने की आदत तुरंत बंद कर देनी चाहिए. चाहें तो सामान्य नमक की जगह सीमित मात्रा में सेंधा नमक का उपयोग किया जा सकता है.
पैकेट फूड से बनाएं दूरी
इसके साथ ही चिप्स, पापड़, नमकीन और अन्य पैकेटबंद खाद्य पदार्थों से दूरी बनानी चाहिए, क्योंकि इनमें सोडियम की मात्रा अधिक होती है, जो रक्तचाप बढ़ाने का प्रमुख कारण बन सकती है. उन्होंने बताया कि आयुर्वेद में खीरा, ककड़ी, छाछ और नारियल पानी को हाई BP के मरीजों के लिए बेहद लाभकारी माना गया है. इसके अलावा जौ का सत्तू गर्मियों में विशेष रूप से फायदेमंद होता है, क्योंकि यह शरीर में तरल संतुलन बनाए रखने और अतिरिक्त नमक के प्रभाव को कम करने में मदद करता है.
गर्मी में बीपी मरीज क्या खाएं
उन्होंने कहा कि फलों में अंगूर और सेब को हाई BP के मरीजों के लिए उपयोगी बताया गया है. उनका कहना है कि भोजन के बाद अंगूर और सेब का नियमित सेवन लाभकारी हो सकता है. वहीं, गोंद कतीरा और गुलकंद जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थ शरीर में मूत्र की मात्रा बढ़ाकर अतिरिक्त सोडियम को बाहर निकालने में सहायक माने जाते हैं.
हल्दी-नीबू का पानी
डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने हल्दी के सेवन को भी लाभकारी बताया. उन्होंने कहा कि हल्दी में मौजूद करक्यूमिन (Curcumin) में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो रक्त वाहिकाओं के स्वास्थ्य और रक्त संचार को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं. इसके लिए एक गिलास पानी में आधा चम्मच हल्दी और थोड़ा नींबू मिलाकर खाली पेट सेवन किया जा सकता है. हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि हल्दी का अधिक सेवन पेट में जलन, गैस और एसिडिटी की समस्या पैदा कर सकता है.
घरेलू उपायों से करें हाई BP को कंट्रोल
विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू उपाय हाई BP को नियंत्रित करने में सहायक हो सकते हैं, लेकिन इन्हें डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए. किसी भी नए उपाय को अपनाने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है. स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, सीमित नमक और प्राकृतिक खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.