Last Updated:
गर्मियों में रसीले फलों का सेवन शरीर को ठंडक देने और पानी की कमी को दूर करने में मदद करता है. तरबूज, खरबूजा, लीची, खीरा और बेल जैसे फल न सिर्फ ताजगी और ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि तेज गर्मी में शरीर को हल्का और फ्रेश महसूस कराते हैं.
गर्मियों में सबसे ज्यादा सुकून देने वाला फल अगर कोई है तो वह तरबूज है. इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है, इसलिए यह शरीर को तुरंत ठंडक पहुंचाता है. तेज धूप और लू के मौसम में तरबूज खाने से शरीर हाइड्रेट रहता है और थकान कम महसूस होती है. कई लोग इसे नमक या काली मिर्च के साथ खाना पसंद करते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
मीठा, खुशबूदार और रसीला खरबूजा गर्मियों में खूब खाया जाता है. इसमें पानी और जरूरी मिनरल्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते. दोपहर के समय खरबूजा खाना काफी लाभकारी माना जाता है, क्योंकि इसका स्वाद हल्का और ताजगी देने वाला होता है. यही कारण है कि गर्मी के मौसम में लोग इसे खूब पसंद करते हैं.
गर्मी का मौसम आते ही बाजार में लाल-लाल, जूसी लीची दिखाई देने लगती है. यह छोटा सा फल स्वाद में मीठा होता है और शरीर को तुरंत तरोताजा कर देता है. लीची में विटामिन सी और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी कम होती है और गर्मी में ऊर्जा भी मिलती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गर्मी के मौसम में खीरा खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जिससे शरीर में पानी की कमी नहीं होने देती. दोपहर के खाने में सलाद के रूप में खीरा शामिल करना अच्छा माना जाता है. इसे खाने से पेट हल्का रहता है और गर्मी में होने वाली जलन या थकान भी कम महसूस होती है.
गर्मियों में ककड़ी ऐसी चीज है जिसे लोग चलते-फिरते भी खाना पसंद करते हैं. सड़क किनारे ठेलों पर नमक-मिर्च लगाकर ककड़ी खाते लोग अक्सर दिखाई देते हैं. यह शरीर को तुरंत ठंडक देती है और प्यास भी कम लगती है. इसमें पानी और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जिससे पाचन ठीक रहता है और शरीर को ताजगी मिलती है.
गर्मियों में बेल का शरबत सेहत के लिए किसी देसी दवा से कम नहीं माना जाता. पुराने समय से लोग इसे लू से बचने के लिए पीते आए हैं. बेल का गूदा, पानी और थोड़ी सी चीनी या गुड़ मिलाकर शरबत बनाया जाता है. यह पेट को ठंडक देता है और पाचन को बेहतर बनाता है, इसलिए गर्मियों में इसकी मांग काफी बढ़ जाती है.
गर्मी का मौसम आते ही खानपान में थोड़ा बदलाव करना जरूरी हो जाता है. ऐसे में रसीले फल शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ पानी की कमी भी नहीं होने देते. तरबूज, खरबूजा, लीची, खीरा और बेल जैसे फल इस मौसम में काफी राहत देते हैं. यदि इन्हें रोजाना खाने की आदत बना ली जाए तो शरीर हल्का और ताजगी से भरा महसूस करता है और तेज गर्मी का असर भी कम पड़ता है.

