Last Updated:
बॉलीवुड की बैकग्राउंड डांसर रुबीना खान ने 90 के दशक के स्टार्स के बर्ताव को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि जहां संजय दत्त और मिथुन चक्रवर्ती डांसर्स के साथ दोस्तों वाला व्यवहार करते थे, वहीं ममता कुलकर्णी और दिव्या भारती में काफी घमंड था और वे दूरी बनाकर रखती थीं. इसके अलावा उन्होंने फीस को लेकर भी हैरान करने वाला दावा किया कि उन दिनों कॉस्ट्यूम के हिसाब से पैसे तय होते थे और छोटे कपड़े पहनने पर डांसर्स को सीधे दोगुनी फीस मिलती थी.

नई दिल्ली. बॉलीवुड की दिग्गज बैकग्राउंड डांसर रुबीना खान ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के अपने अनुभवों को साझा किया है. उन्होंने सेट पर स्टार्स के बर्ताव को लेकर कई दिलचस्प और हैरान करने वाले खुलासे किए हैं. इंटरव्यू के दौरान रुबीना ने बताया कि जहां कुछ बड़े सितारे डांसर्स के साथ बहुत प्यार और सम्मान से पेश आते थे, वहीं कुछ हीरोइनें ऐसी भी थीं जो शूटिंग के दौरान उनसे दूरी बनाकर रखती थीं.

रुबीना के मुताबिक, संजय दत्त, अजय देवगन, जैकी श्रॉफ और मिथुन चक्रवर्ती जैसे सितारे उन सबसे जमीन से जुड़े सितारों में से हैं, जिनके साथ उन्होंने काम किया है. बॉलीवुड ठिकाना के साथ बातचीत में रुबीना ने बताया, ‘इन स्टार्स ने सेट पर कभी भी डांसरों के सामने अपना रुतबा या घमंड नहीं दिखाया. वे हमारे साथ बिल्कुल दोस्तों की तरह रहते थे.’ उन्होंने आगे कहा कि ये सभी एक्टर बिना किसी नखरे के डांसर्स से घुलते-मिलते थे और बेहद सादगी से बातचीत करते थे.

रुबीना खान ने माधुरी दीक्षित की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने याद किया कि बॉलीवुड की इतनी बड़ी सुपरस्टार होने के बावजूद माधुरी के पैर हमेशा जमीन पर रहते थे. रुबीना ने एक किस्सा शेयर करते हुए बताया कि एक शूटिंग के दौरान माधुरी कुर्सी छोड़कर खुद बैकग्राउंड डांसरों के साथ फर्श पर बैठ गईं, खूब हंसी-मजाक किया और सबसे बड़े आराम से बातें कीं. उन्होंने गुजरे दिनों को याद करते हुए कहा, ‘उन्हें देखकर कभी ऐसा लगा ही नहीं कि वह कोई इतनी बड़ी सुपरस्टार हैं और हम सिर्फ मामूली डांसर हैं.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

बातचीत के दौरान जब रुबीना से उन एक्ट्रेसेस के बारे में पूछा गया जिनके साथ शुरुआत में तालमेल बिठाना थोड़ा मुश्किल था, तो उन्होंने ममता कुलकर्णी और दिव्या भारती का नाम लिया. रुबीना ने कहा, ‘मैं यह तो नहीं कहूंगी कि उनका बर्ताव बहुत खराब था, लेकिन हां, शुरुआती दिनों में कुछ हीरोइनों में थोड़ा घमंड जरूर रहता था.’ उन्होंने बताया कि भारी भीड़ वाले डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान धक्का लगने से बचने के लिए ये एक्ट्रेस अक्सर डांसर्स से थोड़ा दूर खड़े रहने को कहती थीं.’

रुबीना ने हंसते हुए खुलासा किया कि उस उम्र में डांसर्स भी कम शरारती नहीं थे. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘कई बार तो हम जानबूझकर शॉट्स के दौरान गलतियां कर देते थे, सिर्फ इसलिए ताकि उन हीरोइनों को थोड़ा चिढ़ा सकें.’ रुबीना ने उन मुश्किल हालातों पर भी बात की, जिनमें बैकग्राउंड डांसर्स को बॉलीवुड के शुरुआती दौर में काम करना पड़ता था.

उन्होंने बताया कि उनके करियर की सबसे कठिन शूटिंग में से एक तब्बू और संजय कपूर स्टारर फिल्म प्रेम के लिए थी. रुबीना ने वो दौर याद करते हुए बताया, ‘फिल्म का एक गाना था जिसमें हमें भयंकर गर्मी और चिलचिलाती धूप में बिना चप्पल-जूतों के लगातार डांस करना था. जमीन तवे की तरह जल रही थी और शूटिंग खत्म होते-होते हम सभी डांसर्स के पैरों में छाले पड़ गए थे.’

रुबीना ने उस दौर में डांसर्स को मिलने वाली फीस को लेकर भी एक हैरान करने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उन दिनों डांसर्स की कमाई अक्सर उनके कॉस्ट्यूम्स पर निर्भर करती थी. रुबीना ने बताया, ‘अगर हम शॉर्ट कपड़े पहनते थे, तो हमें स्पेशल रेट मिलते थे. कई बार तो फीस सीधे दोगुनी हो जाती थी.’

उनके मुताबिक, अगर किसी गाने में कट्स वाले कॉस्ट्यूम, विग, टैटू या बहुत ज्यादा तामझाम वाला स्टाइल होता था, तो उसके अलग से पैसे मिलते थे, क्योंकि डांसर्स की बेसिक सैलरी बहुत ही कम होती थी. रुबीना ने शेयर किया कि जब उन्होंने इस इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब उन्हें एक दिन के सिर्फ 175 मिलते थे. हैरान करने वाली बात यह है कि आज भी बैकग्राउंड डांसर्स की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं आया है. उन्होंने कहा, ’25 साल पहले हमें विज्ञापनों के लिए 3500 रुपये मिलते थे और आज भी कई प्रोडक्शन हाउस डांसर्स को उतनी ही रकम देते हैं.’