Site icon Aaj Ki Baat

तेज गर्मी में सिरदर्द और चक्कर से परेशान? डॉक्टर ने बताए आसान घरेलू उपाय, हीट स्ट्रोक से रखेंगे सुरक्षित

तेज गर्मी में सिरदर्द और चक्कर से परेशान? डॉक्टर ने बताए आसान घरेलू उपाय, हीट स्ट्रोक से रखेंगे सुरक्षित


खंडवा. गर्मी का असर अब धीरे-धीरे लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है. निमाड़ क्षेत्र में तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिसके कारण कई लोगों को सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं होने लगी हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, ये लक्षण डिहाइड्रेशन या हीट स्ट्रोक की शुरुआत हो सकते हैं, इसलिए इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. सही समय पर सावधानी और कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है. डॉक्टरों के मुताबिक, तेज गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए पानी और जरूरी लवण बाहर निकल जाते हैं. इससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है और मस्तिष्क तक रक्त प्रवाह प्रभावित होता है. इसी कारण सिरदर्द, चक्कर और कमजोरी जैसी समस्याएं होने लगती हैं. खासकर बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग इसके प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं.

खंडवा के डॉक्टर अनिल पटेल लोकल 18 को बताते हैं कि गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी है. इसके लिए दिनभर में कम से कम 3 से 4 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए. बहुत ठंडे या बर्फ वाले पानी की बजाय सामान्य या हल्का ठंडा पानी पीना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. वहीं गर्मी से बचाव के लिए कुछ पारंपरिक पेय भी काफी फायदेमंद होते हैं, जैसे- शिकंजी, बेल का शरबत, छाछ, नारियल पानी, आम पन्ना आदि. ये पेय पदार्थ शरीर को ठंडक देते हैं और इलेक्ट्रोलाइट की कमी को भी पूरा करते हैं.

प्याज और तुलसी भी फायदेमंद
गर्मी से बचाव के लिए कच्चा प्याज खाना भी लाभकारी माना जाता है. इसे सलाद या चटनी के रूप में लिया जा सकता है. वहीं तुलसी की पत्तियां भी शरीर को ठंडक देने में मदद करती हैं और गर्मी के असर को कम करती हैं.

धूप में निकलते समय रखें सावधानी
डॉक्टरों के अनुसार, जब भी तेज धूप में बाहर निकलें, तो सिर को सूती कपड़े, गमछे या टोपी से जरूर ढकें. इससे सिर पर सीधा सूर्य प्रकाश नहीं पड़ता और हीट स्ट्रोक का खतरा कम हो जाता है.

सिरदर्द में दे सकते हैं राहत
अगर गर्मी के कारण सिरदर्द हो रहा है, तो माथे पर नीम की पत्तियों का पेस्ट या चंदन का लेप लगाने से ठंडक मिलती है और दर्द में राहत मिल सकती है.

तुरंत करें डॉक्टर से संपर्क
डॉक्टरों का कहना है कि अगर सिरदर्द के साथ लगातार चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसी स्थिति हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. यह हीट स्ट्रोक की गंभीर चेतावनी हो सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में थोड़ी सी सावधानी ही बड़े खतरे से बचा सकती है. पर्याप्त पानी, संतुलित आहार और कुछ घरेलू उपाय अपनाकर भीषण गर्मी के असर से खुद को सुरक्षित रखा जा सकता है.



Source link

Exit mobile version