Health Tips: अभी गर्मी का मौसम चल रहा है और सीजनल तरबूज, खरबूजा, संतरा, मौसंबी, अंगूर, संतरा, ककड़ी, खीरा और केला जैसे फल खूब मिल रहे हैं. डॉक्टरों का मानना है कि ये फल शरीर को ठंडक देने के साथ ही जरूरी पोषक तत्व भी देते हैं. लेकिन, कुछ लोग इन फलों को काटकर खाना पसंद करते हैं, जबकि कई लोग इनका जूस बनाकर पीते हैं. अब ऐसे में कई बार लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता होगा कि फल का जूस बनाकर पीना ज्यादा फायदेमंद है या सीधे चबाकर खाना बेहतर होता है. स्वास्थ्य पर इसका क्या असर पड़ता है? खरगोन के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. संतोष मौर्य ने बताया कि फल किसी भी रूप में खाए जाएं, शरीर को फायदा जरूर मिलता है. लेकिन, अगर सही तरीके की बात करें तो फलों को चबाकर खाना ज्यादा अच्छा होता जाता है. उनका मानना है कि विशेष रूप से गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी होता है. मौसमी फल इस काम में सबसे ज्यादा मदद करते हैं. ये न सिर्फ पानी की कमी को पूरा करते हैं, बल्कि शरीर को ठंडा भी रखते हैं और लू से बचाव करते हैं.

