Last Updated:
ना उम्र की सीमा हो, ना जन्म का हो बंधन…जब प्यार करें कोई तो देखे केवल मन. ये लाइनें कुछ फिल्मों के लिए बिलकुल सटीक बैठती हैं. बॉलीवुड की कुछ रोमांटिक फिल्मों में उम्र की सीमा लांघ मेकर्स ने कुछ ऐसी प्रेम कहानियां पेश कीं जो इतिहास के पन्नों में दर्ज है. लेकिन कुछ फिल्में इतनी बोल्ड हैं कि आप इन्हें परिवार के साथ देखने का रिस्क न उठाएं.

नई दिल्ली. इन दिनों फिल्म ‘इंशाअल्लाह’ को लेकर चर्चाएं तेज हैं. डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के अनुसार इंशाअल्लाह में शाहरुख खान और आलिया भट्ट रोमांस करते दिखेंगे. फिल्म में पहले सलमान खान लीड रोल निभाने वाले थे, लेकिन अब शाहरुख और आलिया की पेयरिंग होगी. इस फिल्म को पर्दे पर आने में समय है तो चलिए उन फिल्मों के बारे में जानते जिसमें हीरो ने आधी उम्र की एक्ट्रेस संग रोमांस फरमाया था.

अमिताभ बच्चन और जिया खान की फिल्म ‘निशब्द’ बॉलीवुड की सबसे बोल्ड फिल्मों में से एक है. इस फिल्म में मेकर्स ने बोल्ड रोमांस के साथ बड़ा जोखिम उठाया था. निशब्द की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन की उम्र लगभग 64 साल थी, जबकि जिया खान करीब 19 साल की थीं. यानी दोनों के बीच लगभग 45 साल का बड़ा अंतर था. उम्र में खाई जितने फासले के बावजूद मेकर्स ने दोनों का रोमांस दिखाया था.

इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और जिया खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए. कहानी एक मिडिल एज फोटोग्राफर की है, जिसकी जिंदगी शांत और सामान्य तरीके से चल रही होती है. सब कुछ तब बदल जाता है, जब उसकी बेटी की दोस्त, एक युवा और बेफिक्र लड़की, उसके जीवन में आती है. धीरे-धीरे यह रिश्ता एक जटिल भावनात्मक जुड़ाव में बदल जाता है, जो समाज की पारंपरिक सोच को चुनौती देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने अपनी फिल्म निशब्द में इस बोल्ड रोमांस और उस टॉपिक को केंद्र में रखा जिसपर आमतौर पर कम बात होती है. राम गोपाल वर्मा की इस फिल्म को जहां कुछ लोगों ने सराहा था, वहीं कुछ लोगों ने इसकी आलोचना भी की थी. फिल्म में कुछ ऐसे बोल्ड सीन्स हैं जिन्हें आप परिवार के साथ देखने में असहज हो सकते हैं.

फिल्म की शूटिंग केरल की खूबसूरत लोकेशन्स पर हुई, जिसने कहानी को एक खास विजुअल अपील दी. बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी ने फिल्म के भावनात्मक पक्ष को और मजबूत बनाया. हालांकि बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई, लेकिन ‘निशब्द’ आज भी एक ऐसी फिल्म के रूप में याद की जाती है, जिसने अपने समय से आगे बढ़कर एक संवेदनशील और अलग विषय को पर्दे पर पेश करने की हिम्मत दिखाई.

अब बात करते हैं ऐसी ही एक और बोल्ड फिल्म की, लेकिन दिलचस्प बात है कि इस फिल्म में भी अमिताभ बच्चन ने लीड रोल अदा किया था. ये फिल्म ‘चीनी कम’ है. साल 2007 में आई अमिताभ बच्चन और तब्बू की फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर औसतन कमाई की थी. दोनों की उम्र में 30 साल का बड़ा अंतर है.

आर. बाल्की के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी एक उम्रदराज़, चिड़चिड़े लेकिन दिल के साफ शेफ और उससे काफी छोटी उम्र की महिला के बीच पनपते प्यार के इर्द-गिर्द घूमती है. अमिताभ बच्चन ने इसमें लंदन में रहने वाले शेफ बुद्धदेव गुप्ता का किरदार निभाया, जो अपनी जिंदगी अपने नियमों पर जीता है. वहीं तब्बू ने नीना का रोल निभाया, जो आत्मविश्वासी और समझदार महिला है.

दोनों के बीच उम्र का बड़ा अंतर होने के बावजूद उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आई. फिल्म में हास्य और भावनाओं का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है. खासकर तब्बू के पिता के रोल में परेश रावल ने कहानी में एक दिलचस्प मोड़ जोड़ा, जो इस रिश्ते को स्वीकार करने के खिलाफ होते हैं. फिल्म बॉलीवुड की बोल्ड पेशकश में से एक थी.