अंबाला: हरियाणा में इन दिनों लगातार बढ़ती गर्मी और उच्च तापमान ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. चिलचिलाती धूप और लू के कारण लोगों की सेहत पर भी गंभीर असर पड़ रहा है और ऐसे मौसम में जरा-सी लापरवाही भारी पड़ सकती है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि अंबाला समेत हरियाणा के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है. दोपहर के समय अंबाला के बाजार और मुख्य मार्ग भी सूने नजर आते हैं, क्योंकि बढ़ती गर्मी से लोगों में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ रहा है.
शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी
इस बारे में जानकारी देते हुए अंबाला नागरिक अस्पताल की आरएमओ डॉ. अदिति गौतम ने बताया कि गर्मी के मौसम में शरीर से पसीने के रूप में पानी तेजी से निकलता है, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए दिन की शुरुआत सुबह उठते ही एक से दो गिलास पानी पीकर करनी चाहिए और पूरे दिन नियमित अंतराल पर पानी का सेवन करते रहना चाहिए.
उन्होंने बताया कि दोपहर के समय तापमान काफी अधिक रहता है, इसलिए घर से बाहर निकलते समय आंखों पर चश्मा (गॉगल्स) लगाएं और छाता साथ रखें. केवल पानी ही नहीं, बल्कि पानी से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन भी जरूरी है.
क्या खाएं और क्या न खाएं
गर्मियों में तरबूज, खरबूजा, खीरा और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक खाद्य पदार्थ शरीर को ठंडक देते हैं और जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति करते हैं. इसके अलावा नींबू पानी और छाछ जैसे पेय पदार्थ भी शरीर को तरोताजा बनाए रखते हैं.
डॉ. गौतम ने सलाह दी कि घर का ताजा भोजन ही करें और रात का बचा हुआ खाना बिल्कुल न खाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि कोल्ड ड्रिंक्स, अधिक चाय और कॉफी का सेवन सीमित करें, क्योंकि इनमें मौजूद शुगर और कैफीन शरीर को और अधिक डिहाइड्रेट कर सकते हैं. साथ ही बाहर का अस्वच्छ और बासी भोजन खाने से बचें, क्योंकि इससे फूड पॉइजनिंग और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.
डिहाइड्रेशन के लक्षण पहचानें
उन्होंने बताया कि त्वचा में रूखापन, आंखों के नीचे कालापन, अत्यधिक थकान या पेशाब का गहरा पीला रंग ये सभी शरीर में पानी की कमी के संकेत हो सकते हैं. ऐसे में तुरंत तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाना चाहिए.
यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
गर्मी से बचाव के लिए दोपहर के समय सिर ढककर ही बाहर निकलें. हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें और अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचें. घर लौटने के तुरंत बाद ठंडा पानी न पिएं, बल्कि पहले शरीर का तापमान सामान्य होने दें, फिर सामान्य पानी का सेवन करें.
अस्पताल में विशेष व्यवस्था
डॉ. गौतम ने बताया कि अंबाला नागरिक अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं. यहां हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए विशेष कक्ष भी बनाया गया है. इमरजेंसी वार्ड में ORS पैकेट के लिए अलग काउंटर है, जहां से लोग निशुल्क ORS ले सकते हैं.
मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में एसी, कूलर और पंखों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि बढ़ती गर्मी में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो.