Last Updated:
फिल्ममेकर महेश भट्ट अब OTT पर एक खास टॉक शो ‘पहचान’ लेकर आ रहे हैं, जो असल जिंदगी के धुरंधरों की प्रेरक कहानियों को सामने लाएगा. यह शो सिख समुदाय के साहस, आस्था और सेवा भाव को समर्पित है. ‘पहचान’ में कई प्रभावशाली व्यक्तित्वों की अनकही कहानियां सामने आएंगी, जो दर्शकों को प्रेरित करने के साथ सोचने पर भी मजबूर करेंगी. शो सोनीलिव के साथ यूट्यूब पर भी देख सकते हैं.

‘पहचान’ एक टॉक शो है, जिसमें सिख समुदाए के रियल हीरोज की कहानी सुनने को मिलेगी.
नई दिल्ली. जाने मानें फिल्ममेकर महेश भट्ट एक बार फिर दर्शकों के सामने एक अलग और गहरी सोच के साथ लौट रहे हैं. बड़े पर्दे पर धुरंधर का कमाल तो देखने को मिल रहा है, लेकिन अब वह छोटे पर्दे पर असल जीवन के धुरंधरों से लोगों को मिलवा रहे हैं. उनका नया टॉक शो ‘पहचान’ लाए है. ये शो सिख समुदाय के उन हीरोज को समर्पित है, जिनके जज्बे को महेश भट्ट ने खुद सलाम किया है. बैसाखी के पावन अवसर पर इस शो का वैश्विक प्रीमियर सोनीलिव (SonyLIV) और उसके यूट्यूब चैनल पर हुआ है.
‘पहचान’ सिर्फ एक टॉक शो नहीं, बल्कि उन कहानियों का मंच है जो भीतर तक झकझोर देती हैं. यह शो सिख समुदाय के साहस, आस्था और सेवा जैसे मूल्यों को केंद्र में रखता है. ऐसे समय में जब दुनिया पहचान और विभाजन के मुद्दों में उलझी है, यह शो एक ऐसे समुदाय की ओर ध्यान खींचता है, जिसने सदियों से इन मूल्यों को अपने जीवन में उतारा है.
महेश भट्ट ने इस शो को फिल्मकार की नजर से नहीं, बल्कि एक इंसान की तलाश के रूप में देखा है. उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी पूरी जिंदगी इंसानी जज्बातों, संघर्षों और तलाश की कहानियां कही हैं. लेकिन जब मैं इन आवाजों के साथ बैठा, तो मुझे एक गहरी सच्चाई महसूस हुई. जो लोग बिना पहचान चाहे सेवा करते हैं, उनमें अद्भुत शक्ति होती है. सिखों की सेवा कोई विचार नहीं, बल्कि एक जीवंत सत्य है.’
शो के निर्माता विनय भारद्वाज ने बताया, ‘हम एक और शो नहीं बनाना चाहते थे. हम एक ऐसा अनुभव बनाना चाहते थे जिसे महसूस किया जा सके. बैसाखी नई शुरुआत का प्रतीक है. इस दिन ‘पहचान’ को दुनिया के सामने लाना हमारे लिए उस विरासत को नमन है.’ डॉ. प्रभलीन सिंह के शोध और सुहृता दास के निर्देशन में बनी यह सीरीज सिख दर्शन की गहराई को बिना सिखाए, सिर्फ दिखाकर समझाती है. जब पूरी दुनिया इंसानियत, बराबरी और सेवा की बात कर रही है, तब सिख समुदाय सदियों से इसे जी रहा है.
महेश भट्ट की इस नई पेशकश का खास फोकस वैश्विक पहुंच पर है. शो को सोनीलिव (SonyLIV) के साथ-साथ यूट्यूब पर आप फ्री में देख सकते हैं. ऐसा मेकर्स ने इसलिए किया ताकि सिख समुदाय की ये प्रेरक कहानियां दुनिया के हर कोने तक पहुंच सकें.
About the Author

शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें