Site icon Aaj Ki Baat

माउथ फ्रेशनर बनी चाय!, झारखंड के किसान ने बनाई अनोखी औषधीय चायपत्ती

माउथ फ्रेशनर बनी चाय!, झारखंड के किसान ने बनाई अनोखी औषधीय चायपत्ती


Last Updated:

Palamu News:आज के समय में जहां लोग स्वाद के साथ सेहत को भी प्राथमिकता दे रहे हैं, वहीं झारखंड के पलामू के शिव कुमार पांडे ने चाय को एक नया रूप दे दिया है. उन्होंने ऐसी खास चायपत्ती तैयार की है, जो सिर्फ एक पेय नहीं बल्कि माउथ फ्रेशनर और औषधीय गुणों से भरपूर हेल्थ ड्रिंक भी है. प्राकृतिक तेलों से तैयार इस अनोखी चाय की खुशबू और स्वाद लोगों को आकर्षित कर रही है, वहीं इसके स्वास्थ्य लाभ इसे आम चाय से अलग बनाते हैं. रिपोर्ट- शशिकांत कुमार ओझा

चाय हमारे दैनिक खान-पान में शामिल हो गयी है. आज के दौर में लोग सेहत के प्रति पहले से कहीं अधिक जागरूक हो गए हैं. यही वजह है कि सामान्य चाय के साथ-साथ हर्बल और औषधीय चाय की मांग भी तेजी से बढ़ रही है. लोग ऐसी चाय पसंद कर रहे हैं जो स्वाद के साथ सेहत को भी फायदा पहुंचाए.

इसी बीच झारखंड के पलामू जिले के डाल्टनगंज निवासी शिव कुमार पांडे ने चाय की दुनिया में एक अनोखा प्रयोग किया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. उन्होंने एक ऐसी खास चायपत्ती तैयार की है, जो न केवल स्वाद और सुगंध में अलग है, बल्कि माउथ फ्रेशनर के रूप में भी काम करती है.

शिव कुमार पांडे का दावा है कि उनकी बनाई हुई यह चायपत्ती औषधीय गुणों से भरपूर है. इस चाय से बनी एक कप चाय सिर्फ ताजगी देने वाला पेय नहीं, बल्कि कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं में भी फायदेमंद साबित हो सकती है. उनके अनुसार यह चाय गठिया, जोड़ों के दर्द, सिरदर्द, साइट्रिक समस्या और पाचन संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद कर सकती है. यानी एक कप चाय अब सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत का खजाना भी साथ लेकर आती है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

शिव कुमार पांडे ने लोकल18 को बताया कि यूं तो चाय पीना लगभग हर किसी के खान पान में शामिल है. वहीं चाय कई प्रकार की होती है. लेकिन आयुर्वेदिक चाय स्वास्थ्य के लिए कई लाभ देती है. उन्होंने एक खास प्रकार की चाय बनाई है. इस खास चायपत्ती को तैयार करने में करीब एक महीने का समय लगा. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मसालों के पाउडर का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया गया है.

इसके बजाय उन्होंने बगानों से लाई गई शुद्ध चायपत्ती में विभिन्न प्राकृतिक मसालों के तेलों का मिश्रण किया है. इस चायपत्ती को तैयार करने में इलायची का तेल, गुलाब का तेल, लौंग का तेल, दालचीनी का तेल, जावित्री का तेल, अदरक का तेल और सौंफ के तेल का इस्तेमाल किया गया है. इन प्राकृतिक तेलों के मिश्रण से तैयार चायपत्ती न सिर्फ बेहद सुगंधित हो जाती है, बल्कि इसमें औषधीय गुण भी बढ़ जाते हैं.

इस चाय की एक और खासियत यह बताई जा रही है कि इसे पीने के बाद मुंह लंबे समय तक ताजगी से भरा रहता है. शिव कुमार पांडे के अनुसार यदि कोई व्यक्ति चाय पीने के बाद भोजन भी नहीं करता है, तब भी उसके मुंह में ताजगी बनी रहती है. इसी वजह से इसे माउथ फ्रेशनर चायपत्ती कहा जा रहा है. कीमत की बात करें तो यह चायपत्ती पूरी तरह प्राकृतिक और औषधीय तेलों से तैयार की गई है, इसलिए इसकी कीमत सामान्य चायपत्ती से अधिक रखी गई है. इसकी 100 ग्राम की कीमत 600 रुपये तय की गई है. इच्छुक लोग इसे ऑनलाइन भी मंगवा सकते हैं.

शिव कुमार पांडे पहले भी कई तरह के प्राकृतिक तेल, पाउडर और खाद्य उत्पाद तैयार कर चुके हैं. अपने नए प्रयोगों के कारण वे अक्सर चर्चा में रहते हैं. इस बार उन्होंने जिस अनोखी चायपत्ती को तैयार किया है, उसे लेकर उनका कहना है कि आने वाले समय में यह न केवल झारखंड बल्कि देश और विदेश में भी अपनी अलग पहचान बनाएगी.



Source link

Exit mobile version