Last Updated:
Persistence mouth ulcer: हमारे मुंह में छाले अक्सर होते रहते हैं. ये छाले बिना दर्द वाले होते हैं और अपने आप गायब भी हो जाते हैं. लेकिन कुछ छाले गंभीर किस्म के होते हैं और गंभीर बीमारी के संकेत हो सकते हैं. इसलिए इन संकेतों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि ये कैंसर के भी संकेत हो सकते हैं. लेकिन सवाल है कि कैसे समझें कि कौन सा छाला कैंसर का संकेत है. इसके लिए हमने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में ENT डिपार्टमेंट के प्रमुख प्रोफेसर डॉ. रवि मेहर से बात की.
मुंह में छोटे-छोटे छाले बवंडर बन सकता है. हालांकि आमतौर पर इससे कोई परेशानी नहीं होती है. जब आप ज्यादा थक जाते हैं, कमजोरी होने लगती है, सीजनल इंफेक्शन होता है, पॉल्यूशन बढ़ता है, ब्रश करने में कुछ गलतियां होने लगती है तो मुंह में छाले आ जाते हैं और ये अपने आप ठीक भी हो जाते हैं. लेकिन कुछ छाले गंभीर होते हैं और इनमें से कुछ तो कैंसर भी हो सकता है. छाले के साथ अगर अगर दर्द हो, ब्लीडिंग हो तो यह ज्यादा घातक कॉम्बिनेशन है क्योंकि इससे कैंसर की आशंका ज्यादा प्रबल हो जाती है. ऐसे में हमारे लिए यह जानना जरूरी है कि हम कब समझें कि मामला गंभीर हो गया है और अब डॉक्टर के पास जाना चाहिए. इसके लिए हमने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज नई दिल्ली में ENT डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. रवि मेहर से बात की.
कब ये छाले कैंसर का रूप बन जाते हैं
डॉ. रवि मेहर ने बताया कि मुंह में छाले आमतौर पर नॉर्मल होते हैं. कई कारणों से यह अपने आप आते हैं और अपने आप चले जाते हैं. कुछ मामलों में कुछ दवाइयां खाकर भी इसे ठीक किया जा सकता है. लेकिन कुछ छाले बेहद गंभीर किस्म के हो सकते हैं. डॉ. रवि मेहर ने बताया कि कैंसर वाला छाला अक्सर एक ही छाला होता है और इसका आकार बड़ा होता है. इतना ही नहीं कैंसर वाला छाला सख्त भी होने लगता है. यानी इसमें हार्डनेस आने लगती है और खून निकलने लगता. इसमें दर्द भी हो सकता है. अगर ये संकेत एक साथ दिखें तो यह कैंसर हो सकता है. हालांकि इन सबके बावजूद यह जरूरी नहीं कि ये कैंसर ही हो लेकिन अगर ये सारे लक्षण दवा खाने के बाद भी ठीक न हो और दो सप्ताह से ज्यादा हो जाए तो कैंसर की आशंका ज्यादा हो जाती है. ऐसे मामलों में बिना देर किए कैंसर के डॉक्टर के पास जाना चाहिए.
कैंसर वाला छाला होने के संकेत
- साधारण छाला आमतौर पर 1–2 सप्ताह में ठीक हो जाता है. लेकिन अगर घाव 2 सप्ताह से ज़्यादा रहे और ठीक न हो, तो उसे डॉक्टर को दिखाना चाहिए.
- कैंसर वाला घाव कभी-कभी दर्द रहित भी हो सकता है, या धीरे-धीरे बढ़ सकता है.
- मुंह में घाव जो बार-बार हो या ठीक न हो तो यह कैंसर हो सकता है.
- मुंह में सफेद या लाल धब्बे जो हटें नहीं तो यह भी कैंसर हो सकता है.
- गांठ, सूजन, या मुंह में मोटापन आ जाए तो यह भी खतरे की घंटी हो सकती है.
- भोजन चबाने या निगलने में परेशानी हो या बोलने में परेशानी हो तो यह भी कैंसर हो सकता है.
- दांत ढीले होना या बिना कारण वजन घटना कैंसर का बड़ा संकेत हो सकता है.
कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए
अगर मुंह का घाव 2 सप्ताह से ज़्यादा रहे, बार-बार लौटे, या उसके साथ गांठ, लाल/सफेद धब्बा, खून आना, या निगलने में दिक्कत हो, तो जांच करवानी चाहिए. हालांकि जरूरी नहीं यह कैंसर ही हो. अगर मुंह का छाला म छाले की तरह 7–14 दिन में नहीं भरता या वह भरने के बजाय बना रहे, बढ़े, या उसके आसपास गांठ या धब्बा दिखे, तो उसे हल्के में नहीं लेना चाहिए.
कब छाले बिना नुकसान वाले होते हैं
डॉ. रवि मेहर कहते हैं कि आमतौर पर छाले नॉर्मल ही होते हैं. ये आकार में छोटे-छोटे होते हैं, आकार बढ़ता नहीं है. ये अपने आप ठीक हो जाता है. अगर नहीं भी ठीक होता तो दो-तीन बाद लोग मल्टीविटामिन की गोलियां खा लेते हैं. इससे ठीक हो जाता है. ऐसे छाले मुंह में कई होते हैं. जब मल्टीपल छाले हो तो डरने की कोई बात नहीं.
ये छाले क्यों निकलते हैं
मुंह में छाले निकलने के कई कारण होते हैं. हालांकि हर छाला कैंसर नहीं होता. आमतौर पर मुंह में छाले खराब लाइफस्टाइल की गलतियों से निकलते हैं. जब शरीर में विटामिन B12, फोलिक एसिड (B9), आयरन और जिंक की कमी होने लगे तो मुंह में छाले निकलने लगते है. इसलिए मल्टीविटामिन खाते ही ठीक होने लगते हैं. पेट की समस्याओं के कारण भी छाले निकलने लगते हैं. जब पाचन तंत्र में खराबी, कब्ज या एसिडिटी होती है तो पेट की गर्मी बढ़ जाती है, जिसका सीधा असर मुंह की म्यूकोसा परत पर पड़ता है और छाले निकल आते हैं.कई बार ब्रश करते समय अचानक चोट लगना, गलती से गाल कट जाना या तीखे दांतों की रगड़ से भी छाले हो जाते हैं. शरीर में हार्मोनल बदलाव के कारण भी मुंह में छाले निकल सकते हैं. महिलाओं में पीरियड्स के दौरान होने वाले हार्मोनल उतार-चढ़ाव के कारण भी बार-बार छाले होने की समस्या देखी जाती है. मानसिक तनाव, कमजोर इम्यूनिटी, कुछ फूड इंटॉलरेंस आदि के कारण भी छाले निकल सकते हैं. लेकिन ये छाले दवा खाते ही ठीक होने लगते हैं या अपने आप ठीक होने लगते हैं.
About the Author
18 साल से ज्यादा के लंबे करियर में लक्ष्मी नारायण ने डीडी न्यूज, आउटलुक, नई दुनिया, दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। समसामयिक विषयों के विभिन्न मुद्दों, राजनीति, समाज, …और पढ़ें

