Ajwain Ke Fayde: हम में से ज़्यादातर लोग रात का खाना खाकर सीधे बिस्तर पर चले जाते हैं, लेकिन कई बार यही आदत सुबह तक पेट भारी रहने, गैस बनने या बेचैनी का कारण बन जाती है. ऐसे में रसोई में रखी एक छोटी सी चीज़ बड़ा काम कर सकती है -अजवाइन. दादी-नानी के ज़माने से यह घर का भरोसेमंद नुस्खा रहा है. सिर्फ आधा चम्मच अजवाइन, अगर सोने से पहले खा ली जाए, तो शरीर पर इसका असर धीरे-धीरे महसूस होने लगता है. अजवाइन दिखने में मामूली है, लेकिन इसके अंदर मौजूद ताकत इसे खास बनाती है. इसमें पाया जाने वाला थायमोल नाम का तत्व पेट को आराम देता है और खाना पचाने में मदद करता है.
यही वजह है कि कई लोग इसे रात के खाने के बाद लेना पसंद करते हैं, अगर आपको अक्सर गैस, एसिडिटी, पेट फूलना या भारीपन रहता है, तो यह आसान तरीका आपके काम आ सकता है. आइए समझते हैं कि रात को आधा चम्मच अजवाइन खाने से शरीर पर क्या असर पड़ता है और इसे सही तरीके से कैसे लिया जाए.
1. पाचन तंत्र को देता है राहत
अजवाइन में मौजूद थायमोल पेट के रस को सक्रिय करता है. जब हम भारी या मसालेदार खाना खाते हैं, तो पेट को उसे पचाने में वक्त लगता है. ऐसे में अजवाइन उस प्रक्रिया को आसान बना देती है. रात को आधा चम्मच अजवाइन चबा कर खाने से गैस, डकार, पेट फूलना जैसी दिक्कतें कम हो सकती हैं, अगर आप इसे गुनगुने पानी के साथ लें, तो असर और बेहतर होता है. जिन लोगों को रोज़ाना एसिडिटी रहती है, उनके लिए यह आसान और सस्ता उपाय है.
2. वजन कंट्रोल में मदद
आजकल बढ़ता वजन बड़ी चिंता है. अजवाइन मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद करती है. जब शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर काम करता है, तो फैट जमा होने की रफ्तार कम होती है. रात को अजवाइन लेने से शरीर की फैट बर्न प्रक्रिया बेहतर हो सकती है. हालांकि सिर्फ अजवाइन खाने से वजन कम नहीं होगा, लेकिन सही खानपान और हल्की एक्सरसाइज के साथ यह मददगार साबित हो सकती है.
3. जोड़ों और शरीर के दर्द में आराम
अजवाइन में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं. इसका मतलब है कि यह सूजन और दर्द को कम करने में मदद कर सकती है, अगर आपको हल्का जोड़ों का दर्द या बदन दर्द रहता है, तो रात को अजवाइन लेना फायदेमंद हो सकता है. कई लोग इसे हल्का भूनकर खाते हैं, जिससे इसका असर और बढ़ जाता है.
4. सर्दी-जुकाम और कफ में राहत
अजवाइन की तासीर गर्म होती है. यही वजह है कि सर्दी-जुकाम में इसका इस्तेमाल किया जाता है, अगर छाती में कफ जमा हो या नाक बंद रहती हो, तो अजवाइन मदद कर सकती है. रात को इसे गुनगुने पानी के साथ लेने से कफ ढीला पड़ता है और सांस लेने में आराम मिलता है. अस्थमा या सांस से जुड़ी हल्की परेशानी में भी यह सहायक हो सकती है, लेकिन गंभीर हालत में डॉक्टर की सलाह ज़रूरी है.
5. नींद बेहतर बनाने में सहायक
जब पेट हल्का रहता है, तो नींद भी अच्छी आती है. कई बार गैस या भारीपन की वजह से नींद टूटती रहती है. अजवाइन पेट को शांत रखती है, जिससे आराम से नींद आ सकती है, अगर आपको देर तक जागने या बार-बार नींद खुलने की परेशानी है, तो यह छोटा सा बदलाव आपके काम आ सकता है.
कैसे लें अजवाइन?
आधा चम्मच अजवाइन हल्का चबा कर खाएं. ऊपर से एक गिलास गुनगुना पानी पी लें. चाहें तो अजवाइन को हल्का भूनकर भी ले सकते हैं. ध्यान रखें, ज्यादा मात्रा में न लें. जिन लोगों को कोई गंभीर बीमारी है या प्रेग्नेंसी में हैं, वे पहले डॉक्टर से पूछ लें.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

