Last Updated:
Viral Infections Recovery Time: कोविड महामारी से पहले वायरल बुखार 2-3 दिन में ठीक हो जाता है, लेकिन अब छोटी-छोटी परेशानियां ठीक होने में 8 से 10 दिन का वक्त ले रही हैं. डॉक्टर्स की मानें तो कोविड की वजह से करोड़ों लोगों की इम्यूनिटी लंबे समय तक प्रभावित हुई है. इसकी वजह से वायरल इंफेक्शंस से लड़कर उबरने में शरीर को लंबा समय लग रहा है. इसके अलावा भी कई फैक्टर्स रिकवरी टाइम को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं.
कोविड महामारी के बाद वायरल इंफेक्शन को ठीक होने में ज्यादा समय लग रहा है.
Viral Diseases and Immunity: जनवरी 2020 में भारत में कोविड का पहला मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद धीरे-धीरे देश भर में कोरोना संक्रमण फैलने लगा था. इसे कंट्रोल करने के लिए लॉकडाउन भी लगाया गया था, लेकिन फिर भी बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई. कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया. करीब 6 साल बाद भी कोविड पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन अब यह स्थानीय बीमारी बन गई है. कोविड से पहले जब भी लोगों को बुखार आता था, तब एक पैरासिटामोल लेने पर ही अधिकतर लोग ठीक हो जाते थे. कोविड के बाद हालात पूरी तरह बदल गए हैं. अब छोटी-मोटी परेशानियां होने पर भी लोगों को सही ट्रीटमेंट के बावजूद रिकवर होने में कई सप्ताह लग जाते हैं.
पहले सामान्य वायरल बुखार, सर्दी या फ्लू जैसी बीमारियां कुछ दिनों में ठीक हो जाया करती थीं, लेकिन अब कई लोग शिकायत करते हैं कि वायरल संक्रमण लंबे समय तक बना रहता है. खांसी हफ्तों तक नहीं जाती, कमजोरी बनी रहती है और शरीर पूरी तरह रिकवर होने में ज्यादा समय लेने लगा है. कोविड-19 महामारी के बाद लोगों के मन में यह सवाल और बढ़ गया है कि आखिर अब वायरल बीमारियां जल्दी ठीक क्यों नहीं होतीं? क्या वायरस पहले से ज्यादा खतरनाक हो गए हैं या फिर दुनिया में कुछ ऐसा बदल गया है, जो शरीर की रिकवरी को प्रभावित कर रहा है. इस बारे में डॉक्टर की राय जान लेते हैं.
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने News18 को बताया कोविड के बाद दुनिया में कई चीजें बदली हैं. सबसे बड़ा बदलाव लोगों की इम्यूनिटी और शरीर के इंफेक्शन से लड़ने के तरीके में देखा गया है. कोरोना वायरस ने सिर्फ फेफड़ों को ही नहीं, बल्कि शरीर के इम्यून सिस्टम पर भी गहरा असर डाला है. कई रिसर्च में यह सामने आया कि कोविड संक्रमण के बाद कुछ लोगों का इम्यून रिस्पॉन्स लंबे समय तक प्रभावित रह सकता है. यही वजह है कि बाद में होने वाले वायरल संक्रमण से शरीर को उबरने में ज्यादा समय लग रहा है. पहले जो वायरल इंफेक्शन 3-4 दिन में अपने आप ठीक हो जाते थे, उन्हें ठीक होने में अब 10 से 15 दिन का वक्त लग रहा है.
डॉक्टर ने बताया कि अब लोग छोटी बीमारी में भी तुरंत एंटीबायोटिक या कई दवाएं लेने लगे हैं, जबकि वायरल संक्रमण पर एंटीबायोटिक असर नहीं करती हैं. जरूरत से ज्यादा दवाओं का इस्तेमाल शरीर के प्राकृतिक रिकवरी सिस्टम को भी प्रभावित कर सकता है. इसके अलावा कुछ नए वायरस और उनके वेरिएंट पहले की तुलना में ज्यादा संक्रामक हो सकते हैं, जिससे संक्रमण लंबे समय तक बना रह सकता है. हालांकि हर लंबे समय तक रहने वाला वायरल संक्रमण गंभीर हो, ऐसा जरूरी नहीं है. अगर बुखार, खांसी, सांस लेने में दिक्कत या कमजोरी लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए. सही खानपान, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और तनाव कम करने से इम्यूनिटी को मजबूत रखने में मदद मिल सकती है.
एक्सपर्ट की मानें तो कोविड के बाद लोगों का खानपान और लाइफस्टाइल भी काफी बिगड़ गई है. अब ज्यादातर लोगों की फिजिकल एक्टिविटी काफी कम हो गई है, जंक फूड का सेवन बढ़ गया है और सोने-जागने की टाइमिंग में भी बदलाव आ गया है. इसके अलावा बढ़ता हुआ तनाव भी इम्यून सिस्टम को कमजोर कर रहा है. कोविड के बाद बढ़ता स्क्रीन टाइम भी सेहत के लिए एक चैलेंज बन गया है. इन सभी फैक्टर्स की वजह से भी वायरल संक्रमण को ठीक होने में लंबा वक्त लग रहा है. अगर शरीर को पर्याप्त आराम, सही पोषण और नींद नहीं मिलती, तो वायरल संक्रमण से रिकवरी धीमी हो सकती है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें

