Last Updated:
विजय वर्मा, सई तम्हांकर, गुलशन ग्रोवर और कृतिका कामरा की वेब सीरीज ‘मटका किंग’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. 1960 के दशक के मुंबई पर आधारित इस सीरीज में विजय वर्मा एक साधारण व्यापारी से ‘मटका’ के बड़े खिलाड़ी बनने की यात्रा दिखाते हैं. कहानी महत्वाकांक्षा, जोखिम और सफलता की कीमत को गहराई से पेश करती है. ‘मटका किंग’ अमेजन प्राइम पर 17 अप्रैल को रिलीज होगी.

मटका किंग का ट्रेलर रिलीज हो गया है.
नई दिल्ली. विजय वर्मा, सई तम्हांकर और कृतिका कामरा की वेब सीरीज मटका किंग का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है. 1960 के दशक में बेस्ड इस वेब सीरीज का आज ट्रेलर रिलीज हो गया है. मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी यह कहानी महत्वाकांक्षा, जोखिम और सत्ता के खेल को एक नए अंदाज में पेश करती नजर आ रही है.
सीरीज में विजय वर्मा बृज भट्टी के किरदार में दिखाई देंगे, जो एक साधारण कॉटन व्यापारी होता है. ट्रेलर में उसकी जिंदगी के उस मोड़ को दिखाया गया है, जहां एक छोटा सा आइडिया उसे ‘मटका’ जैसे जुए के कारोबार की दुनिया में ले जाता है. धीरे-धीरे उसका यह कदम उसे ऊंचाइयों तक पहुंचाता है, लेकिन इसी के साथ उसके सामने खतरे, दुश्मनी और संघर्ष भी बढ़ते जाते हैं. कहानी इस बात को बखूबी दिखाती है कि सफलता की कीमत अक्सर उम्मीद से कहीं ज्यादा भारी होती है.
विलेन बन लौटे गुलशन ग्रोवर
ट्रेलर में कृतिका कामरा, सई तम्हांकर और गुलशन ग्रोवर के किरदारों की झलक भी देखने को मिलती है, जो कहानी को और परतदार बनाते हैं. हर किरदार अपने आप में मजबूत और कहानी के अहम मोड़ से जुड़ा हुआ नजर आता है. अपने किरदार को लेकर विजय वर्मा ने इसे एक चुनौतीपूर्ण लेकिन रोमांचक अनुभव बताया. उनके मुताबिक, बृज भट्टी का किरदार कई भावनाओं और जटिलताओं से भरा हुआ है, जिसे निभाना आसान नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि दहाड़ और मिर्जापुर के बाद इस तरह के पीरियड ड्रामा में काम करना उनके लिए एक नया अनुभव रहा.
यहां देखें ट्रेलर
कृतिका कामरा के लिए खास है ‘मटका किंग’
वहीं कृतिका कामरा ने अपने रोल को अब तक का सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण बताया. सई जो बृज भट्टी की पत्नी बरखा का किरदार निभा रही हैं, ने कहा कि उनका रोल सिर्फ एक गृहिणी का नहीं, बल्कि एक मजबूत और स्वतंत्र सोच वाली महिला का है, जो अपनी पहचान खुद बनाती है.
सीरीज का निर्देशन नागराज मंजुले ने किया है, जिन्होंने इसे एक गहराई से रची गई पीरियड ड्रामा बताया. उनके अनुसार, सेट डिजाइन, कॉस्ट्यूम और उस दौर के माहौल को बेहद बारीकी से तैयार किया गया है, ताकि कहानी वास्तविक लगे और दर्शक उससे जुड़ सकें. ‘मटका किंग’ 17 अप्रैल को प्राइम प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें