Mulethi ke Fayde: हम में से ज्यादातर लोगों ने मुलेठी का नाम तो जरूर सुना होगा, लेकिन इसके असली फायदे शायद ही कोई पूरी तरह जानता हो. आमतौर पर लोग इसे सिर्फ खांसी या गले की खराश के लिए इस्तेमाल करते हैं, लेकिन सच मानिए, ये छोटी सी सूखी लकड़ी आपके शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. रीवा के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुलश्रेष्ठ के मुताबिक, मुलेठी सिर्फ गले ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर के लिए फायदेमंद होती है.
आवाज को बनाती है मीठा और सुरीला
अगर आप गाना गाते हैं या आपकी आवाज जल्दी बैठ जाती है, तो मुलेठी आपके लिए बेस्ट है. इसे चबाने से निकलने वाला मीठा रस गले को साफ करता है और आवाज में मिठास लाता है. यही वजह है कि कई सिंगर और स्पीकर्स इसका इस्तेमाल करते हैं.
खांसी और गले की दिक्कत का रामबाण
मुलेठी में ऐसे गुण होते हैं जो गले की सूजन कम करते हैं और इंफेक्शन से लड़ते हैं. अगर सूखी खांसी या खराश है, तो बस इसे चबाते रहिए या इसका पानी पी लीजिए आराम जल्दी मिलेगा.
इम्यूनिटी को करती है मजबूत
मुलेठी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लामेटरी गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं. इसकी चाय पीने से शरीर बैक्टीरिया और एलर्जी से लड़ने में मजबूत बनता है.
महिलाओं के लिए भी फायदेमंद
पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द और मेनोपॉज की परेशानियों में भी मुलेठी राहत देती है. इतना ही नहीं, पीसीओएस और पीसीओडी जैसी समस्याओं में भी इसे उपयोगी माना जाता है क्योंकि ये हार्मोन बैलेंस करने में मदद करती है.
स्किन और पाचन के लिए भी कमाल
अगर आपको स्किन एलर्जी, पिंपल्स या सूजन की समस्या है, तो मुलेठी मदद कर सकती है. साथ ही, इसे चूसने से एसिडिटी, हार्टबर्न और अपच जैसी दिक्कतों में भी राहत मिलती है.
दांतों और सांस की बदबू से छुटकारा
मुलेठी का पानी कुल्ला करने से दांतों की सड़न कम होती है और मुंह की बदबू भी दूर होती है. ये एक नेचुरल माउथ फ्रेशनर की तरह काम करती है.
ध्यान रखें
हर चीज की तरह मुलेठी का भी सीमित मात्रा में ही सेवन करें. ज्यादा लेने से नुकसान भी हो सकता है, इसलिए जरूरत हो तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.

