Last Updated:
अदनान सामी हाल ही में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए. अब सिंगर ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है. अदनान सामी ने कहा, ‘मैं एक आजाद इंसान हूं और जो मुझे सही लगता है, वही करूंगा. मैं सिर्फ खुदा को जवाब देता हूं.’ उन्होंने यह भी कहा कि लोग सिर्फ एक तस्वीर देखकर उनके बारे में राय बना लेते हैं, जबकि असल में उन्हें जानते ही नहीं. अदनान ने साफ कहा कि उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या सोचते हैं और वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीते रहेंगे.

नई दिल्ली. ‘थोड़ी सी तो लिफ्ट करा दे’ से घर-घर में पहचान बनाने वाले मशहूर सिंगर अदनान सामी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मिलना बना. हाल ही में अदनान सामी की मोहन भागवत के साथ तस्वीरें सामने आई थीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. अब सिंगर ने इस पूरे विवाद पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है और साफ शब्दों में कहा है कि वह सिर्फ खुदा को जवाबदेह मानते हैं. फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram

हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज18 से बात करते हुए अदनान सामी ने अपनी बात को रखते हुए इस मुलाकात पर बात की. साथ ही उन्होंने ट्रोल्स को भी करारा जवाब दिया. उन्होंने दो टूक कहा कि मैं वहीं करता हूं, जो मुझे सही लगता है. फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram

अदनान सामी ने कहा, ‘मैं एक आजाद इंसान हूं और मैंने अपने सारे फिल्टर खो दिए हैं. मैं वही करता हूं जो मुझे अच्छा लगता है और मैं खुदा के अलावा किसी को जवाब नहीं देता. अगर कोई मेरे साथ अच्छा है तो मैं उसके साथ अच्छा हूं, चाहे वह कोई भी हो.’ फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं दूसरों की राय के आधार पर किसी को जज नहीं करता. मुझे इस बात की बिल्कुल परवाह नहीं है कि दूसरे क्या सोचते हैं.’ अदनान ने यह भी कहा कि लोग एक तस्वीर या एक गाने के आधार पर उनके बारे में नतीजे निकाल लेते हैं, जो पूरी तरह गलत है. फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram

अदनान सामी ने ट्रोलर्स को खरी-खरी सुनाते हुए कहा, ‘जो लोग मुझे ट्रोल करते हैं, वे मेरे फैंस भी नहीं हैं. वे सिर्फ रैंडम लोग होते हैं जो अपने पूर्वाग्रहों के आधार पर हर चीज पर टिप्पणी करना चाहते हैं.’ उन्होंने कहा कि एक सेलिब्रिटी होने के नाते लोग सोचते हैं कि वे उन्हें जानते हैं, जबकि हकीकत कुछ और ही है. फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram

आपको बता है कि अदनान सामी का जन्म लंदन में हुआ और पालन-पोषण ब्रिटेन में हुआ. उनकी मां जम्मू की रहने वाली थीं, जबकि पिता अफगानिस्तान मूल के पाकिस्तानी पठान थे. उनके पिता एक उच्च पदस्थ नौकरशाह थे और 14 देशों में पाकिस्तानी राजदूत रहे. अदनान ने भारत में आने की कहानी बताते हुए कहा था कि महान गायिका आशा भोसले ने उन्हें मुंबई आने की सलाह दी. आशा जी ने कहा था- ‘अगर तुम कुछ नया करना चाहते हो तो मुंबई आओ. हिंदी संगीत की राजधानी यहीं है.’ फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram

अदनान सामी ने 2015 में पाकिस्तानी नागरिकता रिन्यू कराने से इनकार कर दिया था और 1 जनवरी 2016 को उन्हें भारतीय नागरिकता मिली. लेकिन इसके बाद भी उन्हें ऑनलाइन ‘पाकिस्तानी’ कहकर ट्रोल किया जाता है. भारत आने पर उन्हें करोड़ों की संपत्ति छोड़नी पड़ी. सबसे दर्दनाक मोड़ तब आया जब उनकी मां का निधन हुआ. अदनान ने खुलासा किया, ‘मैंने वीजा के लिए अप्लाई किया, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने मना कर दिया. मैंने कहा मेरी मां चल बसीं, फिर भी उन्होंने इनकार कर दिया. मैं अपनी मां का जनाजा व्हाट्सएप वीडियो पर देखने को मजबूर हो गया.’ फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram

अदनान ने अपना नया गाना ‘लिपस्टिक’ रिलीज कर दिया है. सिंगर-कंपोजर और पद्मश्री सम्मान से नवाजे जा चुके अदनान सामी का यह नया सिंगल एक फील-गुड एंथम के तौर पर पेश किया गया है. यह गाना आत्मविश्वास, अपनी अलग पहचान और खुद को खुलकर अपनाने की खुशी को सेलिब्रेट करता है. अपने म्यूजिक और अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले अदनान सामी का यह ट्रैक रिलीज होते ही फैंस के बीच में आ गया है. फोटो साभार-@adnansamiworld/Instagram