12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

जेम्स कैमरून की साइंस फिक्शन फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ यानी अवतार 3 सिनेमाघरों में तीन महीने पूरे करने के बाद अब OTT पर रिलीज की जाएगी। बीते साल 19 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में ₹13,070 करोड़ का रिकॉर्ड कलेक्शन किया था।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक ‘अवतार 3’ का प्रीमियर 31 मार्च 2026 से विदेशी दर्शकों के लिए ‘Disney+’ पर होगा। हालांकि, विदेशी दर्शकों को शुरुआत के एक महीने इसे देखने के लिए रेंट (किराया) देना होगा।
भारत की बात करें तो यहां यह फिल्म ‘जियो हॉटस्टार ‘ पर स्ट्रीम की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल के पहले हफ्ते से जून 2026 के बीच भारतीय फैंस इसे अपने मोबाइल या टीवी पर घर बैठे देख पाएंगे।

₹3,400 करोड़ के बजट में बनी है अवतार 3
अवतार 3′ का कुल बजट करीब 400 मिलियन डॉलर (₹3,400 करोड़) था। बॉक्स ऑफिस पर इसने $1.49 बिलियन की कमाई की। भारत में भी फिल्म का क्रेज दिखा और इसने ₹235 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया।
फिल्म की बेहतरीन मेकिंग के लिए इसे 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स (Oscars 2026) में ‘बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स’ का अवॉर्ड भी मिला है। जेम्स कैमरून की यह फ्रेंचाइज दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली सीरीज है।

2031 तक आएंगी दो और फिल्में
जेम्स कैमरून ने पेंडोरा की इस दुनिया को और आगे ले जाने की तैयारी कर ली है। ‘अवतार 3’ के बाद अब फैंस को ‘अवतार 4’ और ‘अवतार 5’ का इंतजार है। कैमरून के मुताबिक, चौथी फिल्म साल 2029 में और पांचवीं फिल्म साल 2031 में रिलीज की जाएगी। ‘अवतार 3’ की स्टार कास्ट में केट विंस्लेट, सिगौरनी वीवर और स्टीफन लैंग जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
