10 अप्रैल को देहरादून में शो के दौरान मासूम शर्मा ने स्टेज से गालियां दी थीं।
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पर देहरादून में शो के दौरान स्टेज से गालियां देने पर FIR दर्ज कर ली गई है। सत्यम शिवम छात्र संगठन (डीएवी कॉलेज) के छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने रात 11 बजे मामला दर्ज किया है।
.
इससे पहले पुलिस ने सिंगर को नोटिस जारी कर दिया था। उनसे 15 दिन के अंदर जवाब देने को कहा था। उधर, हरियाणा महिला आयोग ने सिंगर को 18 अप्रैल को पंचकूला स्थित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया है।
भिवानी के एडवोकेट अशोक आर्य ने भी बहल थाने में मासूम के खिलाफ शिकायत दी थी। उन्होंने मांग की थी कि स्टेज से अश्लील शब्दों का प्रयोग करने पर मासूम शार्म के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया से इन वीडियो को डिलीट कराया जाए।
स्टेज से गालियां देने के बाद मासूम शर्मा सोशल मीडिया पर भी जमकर ट्रोल हो रहे हैं। कोई यूजर उन्हें गुंडा कह रहा है तो कोई मासूम शर्मा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 10 साल तक सजा देने की मांग कर रहा है।
फेसबुक पर मासूम शर्मा के खिलाफ कमेंट…


जानिए एडवोकेट ने अपनी शिकायत में क्या कहा था…
मंच से अश्लील गांलियां और हिंसक बयानबाजी
बहल के रहने वाले एडवोकेट अशोक आर्य ने अपनी शिकायत में कहा कि रविवार सुबह वह अपनी फेसबुक आईडी चला रहा था। इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा मंच पर बहुत अश्लील गालियां और हिंसक बयानबाजी कर रहा था। यह समाज में अत्यधिक अश्लीलता फैलाने वाला व गैरकानूनी है। बहुत सी फेसबुक आईडी पर मासूम का वह वीडियो चल रहा है।
सोशल मीडियो से रील्स डिलीट करवाई जाएं
एडवोकेट ने आगे कहा कि फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मासूम शर्मा की रील्स को जल्दी डिलीट कराया जाए और मासूम शर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में फैल रही अश्लीलता पर अंकुश लगे और मासूम शर्मा जैसे सिंगर भविष्य में इस तरह की हरकत न दोहराए।

एडवोकेट अशोक आर्य ने भिवानी के बहल पुलिस थाने में मासूम शर्मा के खिलाफ शिकायत दी है।-फाइल फोटो
SP बोले- जांच के बाद ही FIR हुई
मामले में देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा कि डीएवी (DAV) कॉलेज में आयोजित छात्र संघ समारोह में मासूम शर्मा ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। मामले में थाना डोईवाला ने संज्ञान लिया है और मामले में विस्तृत जांच की गई, जिसके बाद मासूम शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
डालनवाला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 296 (अश्लील कृत्य और गाने), धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान), धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्द या कृत्य) और धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विवाद के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर माफी मांगी थी।
देहरादून के शो में बदमाश को गालियां दी थीं
यह मामला 10 अप्रैल से शुरू हुआ। मासूम शर्मा देहरादून के DAV कॉलेज में एक शो करने पहुंचे थे। यहां मंच से उन्होंने एक बदमाश को गालियां दीं। बाद में, मासूम ने वीडियो जारी कर माफी मांगी। मासूम ने बताया कि एक बदमाश होटल में हथियार लेकर आया था और वह उनका पीछा कर रहा था। उसने अमेरिका में रह रहे चचेरे भाई को भी फोन करके धमकी दी थी। इसी बात का तनाव शो में निकल गया।
——————————
ये खबर भी पढ़ें :-
दावा- मासूम शर्मा को स्टेज पर मारने की धमकी मिली:देहरादून पुलिस ने गालियां देने पर जवाब मांगा; हरियाणा महिला आयोग का भी नोटिस

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के देहरादून शो में स्टेज पर गालियां देने के मामले में खुलासा हुआ है। इवेंट ऑर्गेनाइज कराने वाली टीम के एक सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर दैनिक भास्कर को बताया कि शो से पहले मासूम शर्मा को धमकी दी गई थी। एक बदमाश ने कहा था कि अगर शो किया तो स्टेज पर ही मार देंगे। पढ़ें पूरी खबर…