Last Updated:
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की ब्लॉकबस्टर जोड़ी ने 14 साल बाद पर्दे पर वापसी करते हुए बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. उनकी लेटेस्ट हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ के लिए पहला वीकेंड बेहद शानदार रहा. फिल्म ने महज तीन दिनों में 58 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. दर्शकों के बीच अक्षय और प्रियदर्शन का पुराना जादू फिर से सिर चढ़कर बोल रहा है, जिससे फिल्म की कमाई में हर दिन जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है.

नई दिल्ली. अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी ने पूरे एक दशक से ज्यादा समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है. अब उनकी हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत बंगला का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. फिल्म को क्रिटिक्स और ऑडियंस से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, जिसका सीधा असर इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर दिख रहा है.

रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और पहले वीकेंड में इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया. दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर बढ़ते क्रेज ने यह साफ कर दिया है कि अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी आज भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी की गारंटी है.

‘भूत बंगला’ के तीसरे दिन के कलेक्शन ने बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रविवार को अब तक 23 करोड़ की शानदार कमाई कर ली है. शुरुआती दो दिनों के मुकाबले तीसरे दिन कलेक्शन में आई यह बढ़त साफ इशारा कर रही है कि फिल्म को पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दर्शक अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी को दोबारा पर्दे पर वही पुराना जादू बिखेरते देख बेहद उत्साहित हैं. कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत में फिल्म का अब तक का नेट कलेक्शन 58 करोड़ हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 69.37 करोड़ तक पहुंच चुका है.

फिल्म की शुरुआत गुरुवार को पेड प्रिव्यू के साथ हुई थी, जहां इसने 3.50 करोड़ बटोरे थे. इसके बाद शुक्रवार यानी ओपनिंग डे को 12.25 करोड़ और शनिवार को 19 करोड़ का कारोबार किया. रविवार की छलांग ने यह साबित कर दिया है कि यह हॉरर-कॉमेडी लंबी रेस का घोड़ा साबित होने वाली है.

प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी पूरे 14 साल बाद स्क्रीन पर वापस लौटी है. इससे पहले ये दोनों ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भूल भुलैया’ और ‘खट्टा मीठा’ जैसी कल्ट फिल्में दे चुके हैं, यही वजह है कि फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. फिल्म में अक्षय के साथ वामिका गब्बी, तब्बू, राजपाल यादव और जीशु सेनगुप्ता जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम रोल में हैं.

फिल्म की कहानी लंदन में रहने वाले अर्जुन (अक्षय) और उसकी बहन (मिथिला) के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब उनकी बहन को दादाजी की वसीयत में एक आलीशान महल मिलता है. अर्जुन अपनी बहन की शादी की तैयारी के लिए भारत के मंगलपुर गांव आता है.

वहां उसे एक खौफनाक सच्चाई का पता चलता है. गांव में यह डर फैला है कि वहां कोई शादी नहीं कर सकता, क्योंकि वधुसुर नाम का राक्षस दुल्हन को चुरा ले जाता है. इसके बाद अर्जुन इस रहस्य से कैसे निपटता है, यही फिल्म की असली और मजेदार कहानी है. दुनियाभर में सिर्फ तीन दिनों में ही फिल्म ने 95.87 करोड़ का बिजनेस कर लिया है.