Last Updated:
Fennel Water Benefits: गर्मी के दिनों में शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए सौंफ का पानी बहुत कारगर साबित होता है. इतना ही नहीं इसके रोजाना सेवन से वेट कंट्रोल के साथ डाइजेशन मजबूत भी रहता है. सौंफ एक सस्ता, घरेलू और प्रभावी उपाय है, जो गर्मियों में नेचुरल ठंडक और सेहत दोनों देता है, हालांकि अधिक मात्रा में सेवन से बचें.
Saunf Paani Pine Ke Fayde: गर्मी के मौसम में ठंडी तासीर वाली चीजों का सेवन ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए. इससे शरीर अंदर से ठंडा रहता है और गर्मी के साथ आने वाली हेल्थ प्रॉब्लम के लिए तैयार होता है. ऐसे में आयुर्वेद औषधीय गुणों से भरपूर सौंफ के सेवन की सलाह देता है, जिससे शरीर न केवल अंदर से शीतल रहता है बल्कि तन-मन दोनों को कई लाभ मिलते हैं.
आयुर्वेद के अनुसार, सौंफ की तासीर ठंडी मानी जाती है, जो शरीर के तापमान को नियंत्रित रखती है. लू से बचाव करती है और पेट की गर्मी-जलन को शांत करती है. आयुर्वेद में इसे पित्त दोष संतुलित करने वाली जड़ी-बूटी कहा जाता है, इसलिए गर्म मौसम में सौंफ का पानी, शरबत या चाय पीना बहुत फायदेमंद होता है. यह न सिर्फ ठंडक देती है, बल्कि पाचन को दुरुस्त रखती है और रोजमर्रा की कई परेशानियों से राहत दिलाती है.
डाइजेशन के लिए फायदेमंद
सौंफ में एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल और दर्द निवारक गुण भरपूर होते हैं. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है, गैस, ब्लोटिंग या पेट फूलना, अपच, कब्ज और ऐंठन जैसी समस्याओं को दूर करती है. भोजन के बाद सौंफ चबाने या सौंफ की चाय पीने से पेट की भारीपन और असहजता कम होती है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के अनुसार, सौंफ पाचन क्रिया को सुचारू रखती है और इरिटेबल बाउल सिंड्रोम जैसी पुरानी समस्याओं में भी राहत देती है.
वजन कंट्रोल करने में भी मददगार
गर्मियों में सौंफ का खास फायदा यह है कि यह शरीर से अतिरिक्त गर्मी निकालती है, सूजन कम करती है, थकान दूर करती है और मन को तरोताजा रखती है. नियमित सेवन से वजन नियंत्रण में मदद मिलती है, हार्मोन बैलेंस होता है और त्वचा की चमक बढ़ती है. यह मुंह की बदबू दूर करती है, सांस की तकलीफ में आराम देती है और शरीर से अतिरिक्त पानी निकालने में सहायक होती है.
सौंफ के सेवन का तरीका
सौंफ की चाय या शरबत बनाने का तरीका आसान है. इसके लिए 1 चम्मच सौंफ के बीजों को 1 कप पानी में 5-10 मिनट उबालें, छानकर गर्म पीएं. स्वाद के लिए शहद या नींबू मिला सकते हैं. वहीं, शरबत बनाने के लिए सौंफ को पीस लें और पानी में छान लें. स्वाद के लिए चीनी या शहद मिला सकते हैं. खाली पेट सौंफ का सेवन सबसे अच्छा माना जाता है.
About the Author
शारदा सिंह बतौर सीनियर सब एडिटर News18 Hindi से जुड़ी हैं. वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्यू पर आधारित रिपोर्ट्स बनाने में एक्सपर्ट हैं. शारदा पिछले 5 सालों से मीडिया …और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.

