Site icon Aaj Ki Baat

Heat Stroke Warning: बार-बार थकान और चक्कर? सावधान! ये हो सकते हैं लू लगने के शुरुआती 5 लक्षण

Heat Stroke Warning: बार-बार थकान और चक्कर? सावधान! ये हो सकते हैं लू लगने के शुरुआती 5 लक्षण


Heat Stroke Symptoms: खरगोन सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है. तेज धूप व गर्म हवाओं के चलते तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है. बड़ी संख्या में लोग लू और डिहाइड्रेशन की चपेट में आ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से नौतपा की शुरुआत भी होने जा रही है, जिसके चलते गर्मी और अधिक बढ़ सकती है. ऐसे मौसम में स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. खासतौर पर तेज धूप में काम करने वाले खेतिहर एवं बेलदार मजदूर, हम्माल आदि को सतर्कता बरतनी होगी.

डॉक्टरों का कहना है कि कई बार लू लगने के शुरुआती संकेत इतने साइलेंट होते हैं कि लोग उन्हें सामान्य थकान, कमजोरी या मौसम का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. यही लापरवाही बाद में गंभीर स्थिति का कारण बन सकती है. इसलिए खरगोन के हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. महेंद्र सोलंकी (एमडी मेडिसिन) द्वारा बताए लू के इन 5 साइलेंट लक्षणों को समय रहते पहचानना बेहद जरूरी है.

1. लगातार थकान और शरीर में कमजोरी
डॉक्टर बताते है कि, अगर पर्याप्त आराम करने के बाद भी शरीर में कमजोरी महसूस हो रही है, काम करने का मन नहीं कर रहा या बार-बार थकावट महसूस हो रही है, तो यह लू का शुरुआती संकेत हो सकता है. गर्मी के कारण शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होने लगती है, जिससे ऊर्जा का स्तर गिर जाता है.

2. सिरदर्द और चक्कर आना
तेज धूप में रहने के बाद सिर भारी लगना, हल्का सिरदर्द होना या अचानक चक्कर महसूस होना भी लू का संकेत हो सकता है. कई लोग इसे सामान्य कमजोरी समझ लेते हैं, लेकिन शरीर का तापमान बढ़ने पर यह समस्या तेजी से गंभीर हो सकती है.

3. अत्यधिक प्यास लगना और मुंह सूखना
बार-बार पानी पीने के बावजूद प्यास लगना, गला सूखना या मुंह में चिपचिपापन महसूस होना शरीर में पानी की कमी का संकेत है. यह डिहाइड्रेशन और लू दोनों का शुरुआती लक्षण माना जाता है. ऐसी स्थिति में तुरंत पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ लेना चाहिए.

4. अचानक चिड़चिड़ापन बढ़ना
विशेषज्ञ बताते हैं कि लू का असर केवल शरीर पर ही नहीं बल्कि दिमाग पर भी पड़ता है. यदि अचानक चिड़चिड़ापन बढ़ जाए, बेचैनी महसूस हो, किसी काम में ध्यान लगाने में दिक्कत आए तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

5. मांसपेशियों में ऐंठन महसूस होना
गर्मी के दौरान शरीर से अधिक पसीना निकलने पर नमक और खनिज तत्वों की कमी होने लगती है. इससे हाथ-पैरों या मांसपेशियों में ऐंठन आ सकती है. साथ ही शरीर सामान्य से अधिक गर्म महसूस हो सकता है. यह भी लू का एक महत्वपूर्ण लक्षण है.

लू से ऐसे करें बचाव
डॉ. सोलंकी का कहना है कि, दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें. पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें. नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस जैसे पेय पदार्थों का सेवन अधिक मात्रा में करें. हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें.

गंभीर लक्षण दिखें तो क्या करें
यदि तेज बुखार, बेहोशी, उल्टी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. समय पर इलाज मिलने से लू के गंभीर दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है. नौतपा के दौरान बढ़ती गर्मी को देखते हुए विशेष तौर पर बच्चों, बुजुर्गों, और तेज धूप में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहना चाहिए और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने चाहिए.



Source link

Exit mobile version