18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाली लेवी में 80 रुपया (पाकिस्तानी रुपया) ये प्रति लीटर की कमी की है। इस फैसले के बाद अब पाकिस्तान में पेट्रोल 378 रुपया प्रति लीटर की दर से मिलेगा।
इससे पहले गुरुवार को सरकार ने पेट्रोल की कीमतों में 43% और डीजल में 55% की बढ़ोतरी की थी। इससे पाकिस्तान में पेट्रोल 137.23 बढ़कर 458.41 और डीजल 184.49 बढ़कर 520.35 रुपया प्रति लीटर पर पहुंच गया था। जिसके बाद देशभर में सरकार के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे।
कैबिनेट मंत्रियों की 6 महीने की सैलरी रुकी
बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट से निपटने के लिए शहबाज शरीफ ने कड़े उपायों का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पहले कैबिनेट मंत्रियों की 2 महीने की सैलरी रोकने का फैसला लिया गया था, लेकिन अब कोई भी संघीय मंत्री अगले 6 महीने तक वेतन नहीं लेगा।
आधी रात को देश के नाम संबोधन में दी जानकारी
शुक्रवार आधी रात को राष्ट्र को संबोधित करते हुए PM शहबाज शरीफ ने कहा कि सरकार ने जनता पर बोझ कम करने के लिए पेट्रोल लेवी को 80 रुपया घटाने का फैसला किया है। नई कीमतें देशभर के पेट्रोल पंपों पर तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं। शरीफ ने यह भी साफ किया कि पेट्रोल की ये कीमतें कम से कम अगले एक महीने तक स्थिर रहेंगी।
पहले ₹458 के पार पहुंच गई थी कीमत
गुरुवार को हुए इजाफे के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 321.17 रुपया से बढ़कर 458.41 रुपया प्रति लीटर पर पहुंच गई थी। सरकार ने पेट्रोल पर टैक्स को 105 रुपया से बढ़ाकर 160 रुपया कर दिया था।
वहीं, हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत भी 184.49 रुपया बढ़कर 520.35 रुपया प्रति लीटर हो गई थी। हालांकि, डीजल पर लेवी को खत्म कर दिया गया था, जिसके बाद पेट्रोल की कीमतों में भी राहत देने की मांग उठ रही थी।
खाड़ी देशों के हालात को बताया महंगाई की वजह
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ के बंद होने की वजह से वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें तेजी से बढ़ीं।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन हफ्तों से तेल की कीमतें रोजाना बढ़ रही थीं, लेकिन हमने आम आदमी की मुश्किलों को देखते हुए इसका बोझ जनता पर नहीं डाला। सरकार ने इस दौरान करीब 129 अरब रुपये की सब्सिडी दी।
किसानों, बाइकर्स और ट्रांसपोर्टर्स के लिए बड़े ऐलान
सिर्फ पेट्रोल की कीमत घटाने तक ही राहत सीमित नहीं है, पीएम ने कई वर्गों के लिए डायरेक्ट सब्सिडी की घोषणा की है:
- मोटरसाइकिल यूजर्स: इन्हें पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी।
- ट्रांसपोर्टर्स: माल ढोने वाले वाहनों के लिए 70 से 80 हजार रुपया और सवारी वाहनों के लिए 1 लाख रुपया की राहत दी गई है।
- किसान: छोटे किसानों को प्रति एकड़ 1,500 रुपया की वित्तीय सहायता मिलेगी।
- रेलवे: पाकिस्तान रेलवे के इकोनॉमी क्लास के किरायों में कोई बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला लिया गया है।
कच्चे तेल के दाम 110 डॉलर पर पहुंचे
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भारी तेजी देखी जा रही है। ब्रैंट क्रूड के दाम आज 7% की बढ़त के साथ 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया हैं।
भारत में भी पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10-10 रुपए घटाई थी
इससे पहले भारत में भी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए की कटौती की थी। पेट्रोल पर ड्यूटी ₹13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर ₹3 रुपए, जबकि डीजल पर ₹10 से शून्य कर दी गई। एक्साइज ड्यूटी घटाकर पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिर रखा गया है।

