Last Updated:
Vicky Kaushal Best Rom Com Movies on ott: अगर आपको लगता है कि विक्की कौशल सिर्फ एक्शन और संजीदा रोल निभाने में माहिर हैं, तो आपको उनकी कॉमेडी और रोमांटिक से भरी फिल्में देखनी चाहिए जो ओटीटी पर धूम मचा रही हैं. अनोखे कॉन्सेप्ट पर बनी फिल्म ‘बैड न्यूज’ के गाने ‘तौबा तौबा’ पर हर कोई झूमा. ‘जरा हटके जरा बचके’ मिडिल क्लास की जद्दोजहद को मजेदार अंदाज में पेश करती है. आइए, जानते हैं कि विक्की कौशल की रोमांस और कॉमेडी से भरपूर फिल्मों को ओटीटी पर कहा देख सकते हैं.
विक्की कौशल कॉमेडी में भी माहिर हैं.
नई दिल्ली: विक्की कौशल ने सिर्फ सीरियस या देशभक्ति वाली फिल्में ही नहीं की हैं, बल्कि रोमांटिक-कॉमेडी और हल्की-फुल्की फिल्मों में भी अपनी कॉमेडी टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीता है. उनकी ऐसी कई मजेदार फिल्में ओटीटी पर मौजूद हैं, जिन्हें देखकर आप अपनी सारी टेंशन भूल जाएंगे. इस लिस्ट में सबसे नया और धमाकेदार नाम है साल 2024 में आई फिल्म ‘बैड न्यूज’, जो ‘अमेजन प्राइम वीडियो’ पर स्ट्रीम हो रही है. फिल्म में विक्की ने एक बेहद अनोखे और मजेदार कॉन्सेप्ट पर काम किया है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके अलावा, फिल्म का गाना ‘तौबा तौबा’ तो सोशल मीडिया पर इस कदर वायरल हुआ कि हर कोई विक्की के बेहतरीन डांसिंग स्किल्स का दीवाना हो गया.
अगर आप मिडिल क्लास फैमिली के जुगाड़ और नोकझोंक वाली कहानियां पसंद करते हैं, तो जियो हॉटस्टार पर मौजूद ‘जरा हटके जरा बचके’ आपके लिए एकदम परफेक्ट है. इंदौर के बैकड्रॉप पर बनी इस फिल्म में विक्की कौशल और सारा अली खान की जोड़ी दिखाई गई है. फिल्म की कहानी काफी मजेदार है, जहां विक्की का किरदार सरकारी स्कीम के तहत एक फ्लैट पाने के लिए अपनी ही पत्नी से झूठा तलाक लेने का नाटक करता है.
‘जियो हॉटस्टार’ पर मौजूद 2 रोमांटिक कॉमेडी
साल 2023 में आई फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ सिनेमाघरों में भी सुपरहिट रही थी. ‘जियो हॉटस्टार’ पर आप विक्की कौशल की फिल्म ‘गोविंदा नाम मेरा’ भी देख सकते हैं, जो एक कॉमेडी-थ्रिलर है. इसमें विक्की एक ऐसे कोरियोग्राफर बने हैं, जो अपनी कड़क पत्नी और डिमांडिंग गर्लफ्रेंड के बीच सैंडविच की तरह पिसा हुआ है. विक्की कौशल के इस रोमकॉम सफर की शुरुआत असल में साल 2018 में आई नेटफ्लिक्स फिल्म ‘लव पर स्क्वायर फुट’ से हुई थी, जिसे भारत की पहली डायरेक्ट-टू-ओटीटी रिलीज होने का गौरव भी हासिल है.
लव पर स्क्वायर फुट 2018
फिल्म ‘लव पर स्क्वायर फुट’ में विक्की कौशल ने एक ऐसे लड़के का रोल निभाया है जो मुंबई जैसे महंगे शहर में अपना खुद का घर खरीदना चाहता है. वे अपनी ही ऑफिस की कलीग (अंगीरा धर) के साथ सिर्फ एक समझौते के तहत शादी करने का फैसला कर लेते हैं. कुल मिलाकर, विक्की कौशल की ये सभी फिल्में दिखाती हैं कि वे जितनी संजीदगी से बंदूक उठा सकते हैं, उतनी ही आसानी से अपनी कॉमेडी और डांस से दर्शकों को गुदगुदा भी सकते हैं.
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें