Last Updated:
Ebola Cases In India: हालांकि अभी तक भारत में एक भी इबोला का मरीज नहीं मिला है. लेकिन वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेश द्वारा इबोला को पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद केंद्र सरकार ने सावधानी बढ़ा दी है.
कोविड की महामारी के बाद अब इबोला विश्वभर के लिए चिंता का विषय बन गया है. लेकिन भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐलान किया है कि देश में अभी तक इबोला वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है. हालांकि, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेश द्वारा इबोला को पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद केंद्र सरकार ने सावधानी बढ़ा दी है. सरकार ने पूरे देश में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके.
इसी विषय को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिव शामिल हुए. बैठक के दौरान इबोला वायरस से बचाव, निगरानी और इलाज की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि अगर भविष्य में कोई मामला सामने आता है, तो उससे तुरंत और प्रभावी तरीके से निपटा जा सके.
सर्तक रहने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिए हैं कि वे हर स्तर पर सतर्क रहें. इसके तहत एयरपोर्ट्स पर आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग बढ़ा दी गई है. जरूरत पड़ने पर क्वारंटीन की व्यवस्था, मरीजों के इलाज, रेफरल सिस्टम और लैब जांच की प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं. अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है.
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्या सलीला श्रीवास्तव ने कहा कि इस समय मजबूत निगरानी व्यवस्था बनाए रखना बहुत जरूरी है. उन्होंने बताया कि राज्यों को समय पर जानकारी साझा करने और तय अस्पतालों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा, अन्य मंत्रालयों और विभागों को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर सभी मिलकर तेजी से कार्रवाई कर सकें.
सरकार ने यह भी कहा कि भारत को ऐसी स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने का पहले से अनुभव है. साल 2014 में जब अफ्रीका में इबोला का बड़ा प्रकोप फैला था, तब भी भारत ने कई एहतियाती कदम उठाए थे. उस दौरान एयरपोर्ट स्क्रीनिंग, निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करके स्थिति को सफलतापूर्वक संभाला गया था.
अफवाह से बचने की सलाह
केंद्र सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या डर पर ध्यान न दें. फिलहाल देश में इबोला का कोई मामला नहीं है और सरकार पूरी तरह सतर्क है. लोगों को सलाह दी गई है कि वे केवल स्वास्थ्य विभाग और सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी और दिशा-निर्देशों का ही पालन करें. सरकार का कहना है कि सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार है.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें