Last Updated:
Aam Panna Recipe: आम पन्ना लू से बचाव के साथ-साथ पाचन तंत्र को भी मजबूत करता है. कच्चे आम में मौजूद विटामिन सी इम्युनिटी बढ़ाता है, जिससे कई संक्रामक बीमारियों से बचाव होता है.
सीधी. मध्य प्रदेश में मौसम में बदलाव के कारण गर्मी भी काफी बढ़ गई है, जिससे लोगों को लू जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में शरीर को ठंडा रखने के लिए पारंपरिक पेय पदार्थों का सेवन बेहद फायदेमंद माना जाता है. इन्हीं में से एक है आम पन्ना (आम पना), जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी किसी औषधि से कम नहीं है. आम पन्ना कच्चे आम से तैयार किया जाने वाला एक लोकप्रिय देसी पेय है, जिसे खासतौर पर गर्मियों में पीया जाता है. यह शरीर की गर्मी को संतुलित करने में मदद करता है और लू से बचाव के लिए बेहद कारगर माना जाता है. सीधी निवासी प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि गर्मियों में राहत देने वाला आम पन्ना बनाने की विधि बेहद आसान है. कच्चे आमों को चूल्हे या गैस पर तब तक भूनें, जब तक छिलका काला और अंदर से नरम न हो जाए. इसके बाद इन्हें ठंडा कर छीलें और गूदा निकाल लें. इसे पानी, चीनी या गुड़, पुदीना, भुना जीरा, काला नमक और साधारण नमक के साथ पीस लें. तैयार गाढ़ा मिश्रण फ्रिज में रखें. सर्व करते समय गिलास में बर्फ, 3-4 चम्मच पन्ना और ठंडा पानी मिलाकर परोसें. तैयार पेय को ठंडा कर पुदीने की पत्तियों के साथ परोसने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ विपिन सिंह के अनुसार, आम पन्ना लू से बचाने के साथ-साथ पाचन तंत्र को मजबूत करता है. कच्चे आम में मौजूद विटामिन सी शरीर की इम्युनिटी बढ़ाता है, जिससे कई संक्रामक बीमारियों से बचाव होता है. इसके अलावा यह कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याओं में भी राहत देता है. डॉ सिंह ने यह भी बताया कि कच्चे आम का सेवन कई रूपों में किया जा सकता है, जैसे- पन्ना, चटनी, मुरब्बा, अचार, अमचूर, जैम और आम पापड़. हालांकि उन्होंने सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि इसका अत्यधिक सेवन पेट फूलने या ऐंठन जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है.
एक सप्ताह तक रहता है सुरक्षित
घर में तैयार आम पन्ना को एयरटाइट बोतल में भरकर फ्रिज में रखा जा सकता है, जिससे यह लगभग एक सप्ताह तक सुरक्षित रहता है. हर बार इसका सेवन शरीर को ताजगी और ठंडक का अहसास कराता है. ऐसे में गर्मियों में आम पन्ना को अपनी दिनचर्या में शामिल करना एक स्वादिष्ट और सेहतमंद विकल्प साबित हो सकता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.